Allटेनिस

Australian Open: तीसरी ट्रॉफी से दो कदम दूर सबालेंका, जोविच को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचीं

Sabalenka Storm into Semifinal : टॉप सीड एरिना सबालेंका ने अपने शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए मंगलवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टरफाइनल में अमेरिका की 18 वर्षीय युवा खिलाड़ी इवा जोविच को एकतरफा मुकाबले में 6-3, 6-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। इस जीत के साथ ही सबालेंका ने मेलबर्न पार्क में अपना दबदबा और मजबूत कर लिया है, जहां वह पिछले चार वर्षों में तीसरी बार खिताब जीतने के इरादे से उतरी हैं।

भीषण गर्मी के बीच खेले गए इस मुकाबले में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की चेतावनी के बावजूद रॉड लेवर एरीना की छत खुली रखी गई। हालांकि बाद में पुरुष सिंगल्स क्वार्टरफाइनल मुकाबले के लिए छत बंद कर दी गई। कठिन परिस्थितियों के बावजूद सबालेंका ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और पहले सेट में 3-0 की बढ़त लेकर मैच पर नियंत्रण बना लिया।

29वीं वरीयता प्राप्त जोविक ने बीच-बीच में संघर्ष जरूर दिखाया। पहले सेट के नौवें गेम में उन्हें तीन ब्रेक प्वाइंट मिले और यह गेम लगभग 10 मिनट तक चला, लेकिन सबालेंका ने अनुभव का फायदा उठाते हुए सभी खतरे टाल दिए और पहला सेट अपने नाम कर लिया।

दूसरे सेट में बेलारूस की इस स्टार खिलाड़ी ने पूरी तरह से दबदबा बना लिया। उन्होंने लगातार ब्रेक प्वाइंट हासिल कर 5-0 की अजेय बढ़त बना ली और अमेरिकी खिलाड़ी की वापसी की सारी उम्मीदें खत्म कर दीं। सबालेंका ने दमदार ऐस लगाकर मैच प्वाइंट हासिल किया और फिर एक और ऐस के साथ मुकाबला समाप्त कर दिया।

मैच के बाद सबालेंका ने युवा खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि हाल के राउंड में उन्हें कड़ी चुनौती मिली है। उन्होंने कहा, “स्कोरलाइन देखकर यह मत समझिए कि मैच आसान था। युवा खिलाड़ी बेहतरीन टेनिस खेल रही हैं और मुझे अपने स्तर को ऊंचा उठाने के लिए मजबूर कर रही हैं।”

Related Articles

Back to top button