
ऑस्ट्रेलियन ओपन से पहले मेलबर्न में आयोजित अनोखे 1-पॉइंट स्लैम टूर्नामेंट में एक स्थानीय शौकिया खिलाड़ी ने सनसनीखेज प्रदर्शन करते हुए दुनिया के शीर्ष टेनिस सितारों को पछाड़ दिया।
ऑस्ट्रेलिया के जॉर्डन स्मिथ ने वर्ल्ड नंबर-2 जानिक सिनर को हराकर खिताब जीता और 10 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 6 करोड़ रूपए ) की इनामी राशि अपने नाम की। रॉड लेवर एरीना में खेले गए इस विशेष इवेंट में कार्लोस अल्काराज जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल थे। टूर्नामेंट का फॉर्मेट बेहद अनोखा था, जिसमें हर मुकाबला सिर्फ एक ही पॉइंट का होता था। इसमें पुरुष और महिला खिलाड़ी, पेशेवर, शौकिया खिलाड़ी और यहां तक कि सेलिब्रिटी भी शामिल थे।
ताइवान के पॉप स्टार जे चाउ बिना गेंद खेले ही बाहर हो गए, क्योंकि उनके खिलाफ पेटार योविक ने सीधा ऐस सर्विस दाग दिया।फाइनल में स्मिथ ने ताइवान की खिलाड़ी और महिला रैंकिंग में 117वें स्थान पर काबिज जोआना गारलैंड को हराया। गारलैंड का बैकहैंड शॉट बाहर चला गया और स्मिथ तीसरे ही स्ट्रोक में विजेता बन गए।दिलचस्प बात यह रही कि सर्विस का फैसला रॉक-पेपर-सीजर खेलकर किया गया। हालांकि, सर्विस हमेशा फायदेमंद साबित नहीं हुई। सिनर अपनी सर्विस नेट में मार बैठे और बाहर हो गए।
कोको गॉफ, फ्रांसिस टियाफो और इगा स्वियातेक जैसे स्टार्स भी इसी तरह हास्यास्पद गलतियों से बाहर हुए, जिससे दर्शकों के बीच हंसी का माहौल बन गया।गारलैंड ने ऑस्ट्रेलियन ओपन क्वालिफाइंग में हार के बावजूद 1-पॉइंट स्लैम में शानदार वापसी करते हुए एलेक्जेंडर ज़्वेरेव, निक किर्गियोस, मारिया सक्कारी और डोना वेकिच को हराया। सक्कारी ने इससे पहले अल्काराज को बाहर किया था।






