Allक्रिकेट

Vijay Hazare Trophy: बंगाल की टीम में मोहम्मद शमी की वापसी

Vijay Hazare Trophy:भारतीय टीम से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को आगामी विजय हजारे ट्रॉफी टूर्नामेंट के लिए बंगाल की टीम में शामिल किया गया है। चोट से पूरी तरह उबरने के बाद शमी ने घरेलू क्रिकेट में दमदार वापसी की है और मौजूदा सत्र में तीनों प्रारूपों में उनका प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है।


घरेलू सत्र की शुरुआत रणजी ट्रॉफी से हुई थी, जहां शमी ने चार मैचों में 18.60 के औसत से 20 विकेट झटके और बंगाल के गेंदबाजी आक्रमण की रीढ़ साबित हुए। इसके बाद सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी20 टूर्नामेंट में भी उन्होंने शानदार लय बरकरार रखी और सात मुकाबलों में 14.93 के औसत से 16 विकेट अपने नाम किए। कुल मिलाकर इस सीजन में शमी अब तक घरेलू क्रिकेट में 36 विकेट हासिल कर चुके हैं।


विजय हजारे ट्रॉफी में मोहम्मद शमी बंगाल के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे। उनके साथ भारतीय टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार भी टीम में शामिल हैं, जिससे बंगाल का पेस अटैक काफी मजबूत नजर आ रहा है।
बंगाल क्रिकेट संघ ने शुक्रवार को विजय हजारे ट्रॉफी के लिए अपनी टीम की घोषणा की, जिसमें शीर्ष क्रम के बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन को कप्तान बनाया गया है। ईश्वरन के कंधों पर बल्लेबाजी के साथ-साथ टीम को नेतृत्व देने की जिम्मेदारी होगी।


विजय हजारे ट्रॉफी में बंगाल को एलीट ग्रुप बी में रखा गया है। टीम अपने अभियान की शुरुआत 24 दिसंबर को राजकोट में विदर्भ के खिलाफ करेगी। इस ग्रुप में बंगाल के अलावा असम, बड़ौदा, जम्मू-कश्मीर, हैदराबाद, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश जैसी मजबूत टीमें शामिल हैं।


बंगाल की टीम: अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), अनुस्तुप मजूमदार, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), सुदीप घरामी, सुमंत गुप्ता, सुमित नाग (विकेटकीपर), चंद्रहास दाश, शाहबाज अहमद, करण लाल, मोहम्मद शमी, आकाश दीप, मुकेश कुमार, सायन घोष, रवि कुमार, आमिर गनी, विशाल भाटी और अंकित मिश्रा।

Related Articles

Back to top button