
मौजूदा चैंपियन मैडिसन कीज का ऑस्ट्रेलियन ओपन में सफर सोमवार को चौथे दौर में ही थम गया, जब उन्हें हमवतन अमेरिकी खिलाड़ी और पॉडकास्ट सहयोगी जेसिका पेगुला के हाथों सीधे सेटों में हार का सामना करना पड़ा। छठी वरीयता प्राप्त पेगुला ने रॉड लेवर एरिना में खेले गए मुकाबले में नौवीं वरीयता कीज को 6-3, 6-4 से पराजित कर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
मैच की शुरुआत से ही पेगुला का खेल पूरी तरह नियंत्रण में दिखा। उन्होंने पहला सेट महज 32 मिनट में अपने नाम किया, जिसमें आक्रामक रिटर्न और सटीक ग्राउंडस्ट्रोक्स की अहम भूमिका रही। पहले सेट में 4-1 की बढ़त हासिल करने के बाद पेगुला ने कीज़ को वापसी का कोई खास मौका नहीं दिया।
दूसरे सेट में भी कहानी लगभग वही रही। पेगुला ने शुरुआती गेम्स में ही ब्रेक प्वाइंट हासिल कर दबाव बना दिया। कीज़ की सर्विस लगातार लड़खड़ाती रही, जिसका फायदा उठाते हुए पेगुला ने एक बार फिर 4-1 की बढ़त बना ली। अंततः मुकाबले का अंत तब हुआ, जब कीज का एक फोरहैंड शॉट नेट में जा गिरा और पेगुला ने शांत अंदाज में जीत सुनिश्चित कर ली।
मैच के बाद पेगुला ने अपने प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कहा, मैं पूरे टूर्नामेंट में बेहद अच्छा महसूस कर रही हूं। गेंद को सही समय पर पढ़ पा रही हूं और आत्मविश्वास के साथ शॉट्स लगा रही हूं। मेरा लक्ष्य इसी लय को आगे भी बनाए रखना है।
यह ऑस्ट्रेलियन ओपन में पेगुला का चौथा क्वार्टर फाइनल है। हालांकि वह अब तक कोई ग्रैंड स्लैम खिताब नहीं जीत सकी हैं, लेकिन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2024 यूएस ओपन में देखने को मिला था, जहां वह फाइनल तक पहुंची थीं। उस खिताबी मुकाबले में उन्हें एरिना सबालेंका से हार झेलनी पड़ी थी।
इसी दिन रॉड लेवर एरिना में पुरुष वर्ग में नोवाक जोकोविच को बिना खेले ही क्वार्टर फाइनल में जगह मिल गई। उनके प्रतिद्वंदी याकूब मेनसिक पेट की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण चौथे दौर के मुकाबले से हट गए, जिसके चलते जोकोविच को वॉकओवर मिल गया।






