
All England Open Final: भारतीय बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन को ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष सिंगल्स फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में उन्हें चीनी ताइपे के लिन चुन-यी ने 21-15, 22-20 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस हार के साथ ही लक्ष्य सेन का इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत को नया चैंपियन दिलाने का सपना एक बार फिर अधूरा रह गया।
24 वर्षीय लक्ष्य सेन ने मुकाबले में कड़ा संघर्ष किया, लेकिन बाएं हाथ के खिलाड़ी लिन चुन-यी के सामने अंततः उन्हें हार माननी पड़ी। यह लगातार पांचवीं बार है जब लक्ष्य सेन लिन से मुकाबले में हार गए। इससे पहले भी दोनों खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक मुकाबले हो चुके हैं, लेकिन इस बार भी बाजी ताइवानी खिलाड़ी के पक्ष में रही।
लक्ष्य सेन के लिए यह ऑल इंग्लैंड ओपन में दूसरा उपविजेता स्थान है। इससे पहले वह 2022 में भी फाइनल तक पहुंचे थे, लेकिन तब भी खिताब जीतने से चूक गए थे। हालांकि इस साल पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने फाइनल तक पहुंचने के रास्ते में कई उच्च रैंकिंग वाले खिलाड़ियों को हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की थी।
सेमीफाइनल में लक्ष्य सेन ने चोट और थकान के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया। मैच के दौरान उन्हें पैरों में छाले और ऐंठन की समस्या से जूझना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने जुझारूपन दिखाते हुए फाइनल में जगह बनाई।
ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट दुनिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों में से एक है। भारत की ओर से अब तक केवल दो खिलाड़ी ही पुरुष सिंगल्स में यह खिताब जीत पाए हैं, प्रकाश पादुकोण (1980) और पुलेला गोपीचंद (2001)। हालांकि लक्ष्य सेन खिताब जीतने से चूक गए, लेकिन उनके शानदार प्रदर्शन ने भारतीय बैडमिंटन के भविष्य के लिए उम्मीदें जरूर जगाई हैं।






