Allटेनिस

Australian Open: पेगुला पहली बार सेमीफाइनल में, स्वियातेक को रिबाकिना ने किया बाहर

Jessica Pegula and Elena Rybikina into semifinals: अमेरिका की जेसिका पेगुला ने हमवतन खिलाड़ी के खिलाफ एक बार फिर अपना दबदबा दिखाते हुए बुधवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के सेमीफाइनल में पहली बार जगह बना ली। वहीं सेकेंड सीड इगा स्वियातेक का सफर क्वार्टर फाइनल में ही थम गया। स्वियातेक को रिबाकिना ने हराया।

छठी वरीयता प्राप्त पेगुला ने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में अमेरिका की ही एना एनिसिमोवा को 6-2, 7-6(1) से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। इस जीत के साथ न्यूयॉर्क में जन्मी पेगुला ने अमेरिकी खिलाड़ियों के खिलाफ अपने शानदार रिकॉर्ड को और मजबूत किया। यह अमेरिकी प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ पिछले 15 मुकाबलों में उनकी 14वीं जीत रही। एनिसिमोवा के खिलाफ आमने-सामने के रिकॉर्ड में भी पेगुला अब 4-0 से आगे हैं।

पेगुला शुरू से ही ज्यादा सटीक और आक्रामक नजर आईं। उन्होंने पहले ही गेम से एनिसिमोवा की सर्विस तोड़कर दबाव बना दिया और 4-1 की बढ़त हासिल कर ली। सिर्फ 30 मिनट में पहला सेट अपने नाम करते हुए उन्होंने ‘टी’ पर ऐस लगाकर सेट खत्म किया, जो मैच का उनका छठा ऐस था।

दूसरे सेट में एनिसिमोवा को कुछ मौके मिले, लेकिन वह अपनी सर्विस और ग्राउंड स्ट्रोक्स में निरंतरता नहीं दिखा सकीं। 24 वर्षीय खिलाड़ी ने 5-3 पर ब्रेक जरूर लिया, लेकिन तुरंत ही डबल फॉल्ट के कारण अपनी सर्विस गंवा बैठीं। टाईब्रेक में पेगुला पूरी तरह हावी रहीं और आसानी से मुकाबला जीत लिया।

लगातार तीन वर्षों (2021 से 2023) तक क्वार्टरफाइनल में रुकने के बाद 31 वर्षीय पेगुला ने आखिरकार सेमीफाइनल का दरवाजा खोला है। अब उनका सामना पांचवीं वरीयता प्राप्त एलेना रिबाकिना से होगा, जहां दांव फाइनल में जगह का होगा। यह पेगुला का तीसरा ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल और लगातार दूसरा है, इससे पहले वह यूएस ओपन 2025 के सेमीफाइनल में भी पहुंची थीं।

उधर, महिला वर्ग में पूर्व विश्व नंबर एक इगा स्वियातेक का अभियान क्वार्टरफाइनल में समाप्त हो गया। उन्हें एलेना रिबाकिना से 7-5, 6-1 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि हार के बावजूद स्वियातेक ने भविष्य को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया। छह बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्वियातेक ने कहा, “मुझे पता है कि मुझे किन पहलुओं में सुधार करना है। पहला सेट काफी करीबी था, लेकिन दूसरे सेट में रिबाकिना ने सर्व और आक्रामक खेल से अंतर बना लिया।”

इस टूर्नामेंट में अंतिम आठ में पहुंचकर स्वियातेक 2003 के बाद से सेरेना विलियम्स के बाद लगातार छह ग्रैंड स्लैम क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बनीं। हालांकि, मेलबर्न से वह खिताब नहीं बल्कि आगे की योजना लेकर लौट रही हैं।

Related Articles

Back to top button