
स्पेन के युवा स्टार कार्लोस अल्काराज ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में इतिहास रचते हुए अब तक के सबसे लंबे सेमीफाइनल मुकाबले में जर्मनी के तीसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज़्वेरेव को हराकर फाइनल में जगह बना ली। मेलबर्न पार्क में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में अल्काराज ने पांच घंटे 27 मिनट तक चले संघर्ष में 6-4, 7-6(5), 6-7(3), 6-7(4), 7-5 से जीत दर्ज की।यह अल्काराज का करियर का 10वां ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल था और ऑस्ट्रेलियन ओपन में उनका पहला।
शुरुआती दो सेट जीतकर वह जीत के बेहद करीब पहुंच चुके थे, लेकिन चौथे सेट में उनका शरीर जवाब देने लगा। जीत से महज दो गेम दूर खड़े अल्काराज को शारीरिक थकान और दर्द से जूझना पड़ा, जिसका फायदा ज़्वेरेव ने उठाते हुए मुकाबले को पांचवें सेट तक खींच लिया।निर्णायक सेट में हालांकि विश्व नंबर एक खिलाड़ी ने अपने मानसिक और शारीरिक सामर्थ्य की आखिरी सीमा तक जाकर खेल दिखाया। निर्णायक पलों में उनकी आक्रामकता, बेसलाइन से गहराई और जुझारूपन ने अंततः उन्हें जीत दिलाई।
इस जीत के साथ 21 वर्षीय अल्काराज ओपन युग में चारों ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। साथ ही उनका करियर ग्रैंड स्लैम जीतने का सपना भी जीवित है।यह मुकाबला न केवल ऑस्ट्रेलियन ओपन इतिहास का सबसे लंबा सेमीफाइनल रहा, बल्कि मेलबर्न पार्क में खेला गया तीसरा सबसे लंबा मैच भी बन गया। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने दोनों खिलाड़ियों के जज्बे को खड़े होकर सलाम किया।।
अब फाइनल में अल्काराज का सामना या तो दो बार के मौजूदा चैंपियन यानिक सिनर से होगा या फिर 10 बार के ऑस्ट्रेलियन ओपन विजेता नोवाक जोकोविच से। इनमें से किसी एक को हराकर अल्काराज अपना सातवां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने उतरेंगे। यदि अल्काराज फाइनल जीतते हैं, तो यह उनके करियर का एक और ऐतिहासिक अध्याय होगा और उन्हें आधुनिक टेनिस के महानतम खिलाड़ियों की कतार में और मजबूती से स्थापित कर देगा।





