
गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में रविवार को अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी ने ऐसा कोहराम मचाया कि कीवी गेंदबाज जान बचाते हुए दिखे। अभिषेक ने केवल 14 गेंद में अर्धशतक जड़ा और भारत ने तीसरा टी-20 मैच केवल 10 ओवर में 154 रन बनाकर अपने नाम कर लिया। भारत ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की बढ़त बना ली है।
बरसापारा स्टेडियम में भारतीय बल्लेबाजों ने चौके छक्कों की ऐसी बरसात की कि दर्शक उसमें सराबोर हो गए। पहली गेंद पर संजू सैमसन का विकेट गंवाने के बावजूद भारतीय टीम ने पूरे मैच में चढ़कर खेला। अभिषेक ने 20 गेंद में 68 रन बनाए और पारी में 7 चौके और 5 छक्के लगाए। वह सबसे कम गेंद में अर्धशतक जड़ने के अपने गुरु युवराज सिंह से केवल दो गेंद पीछे रह गए। युवराज ने 2007 टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंद में अर्धशतक जड़ा था।
अभिषेक के अलावा सूर्यकुमार यादव ने 26 गेंद में 57 रन बनाते हुए सीरीज में दूसरा अर्धशतक लगाया। इसके अलावा इशान किशन ने भी 13 गेंद में 2 छक्के और 3चौके से 28 रन बनाए। भारतीय टीम ने केवल 19 गेंद में 50 रन पूरे किए, जो दिखाता है कि भारतीय बल्लेबाजों ने किस तरह न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की कुटाई की।
इससे पहले रतीय गेंदबाजों ने गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में रविवार को तीसरे टी-20 मुकाबले में अनुशासित और आक्रामक प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह जकड़ लिया। करीब एक साल बाद टीम में लौटे रवि बिश्नोई की शानदार वापसी और जसप्रीत बुमराह व हार्दिक पांड्या की सधी हुई गेंदबाजी के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को 20 ओवरों में 9 विकेट पर सिर्फ 153 रन पर रोक दिया। बुमराह ने तीन और बिश्नोई व हार्दिक ने दो-दो विकेट लिए।






