
Alcaraz Creates History At Melbourne Park : रोड लेवर एरीना में खेले गए ऐतिहासिक फाइनल में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने टेनिस इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा लिया।
अल्काराज ने रविवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के पुरुष सिंगल्स फाइनल में 24 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता और मेलबर्न पार्क पर 10 बार ट्राफी जीत चुके सर्बिया के दिग्गज नोवाक जोकोविच को 2-6, 6-2, 6-3, 7-5 से हराकर न सिर्फ अपना पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीता, बल्कि सबसे कम उम्र में करियर ग्रैंडस्लैम (चारों ग्रैंडस्लैम खिताब) पूरा करने वाले पुरुष खिलाड़ी भी बन गए।
22 वर्षीय अल्काराज ने तीन घंटे दो मिनट तक चले इस मुकाबले में शानदार मानसिक मजबूती और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। शुरुआती सेट गंवाने के बाद उन्होंने जबरदस्त वापसी करते हुए मैच पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया। जीत के साथ ही उन्होंने प्रतिष्ठित नॉर्मन ब्रूक्स चैलेंज कप पर पहली बार अपना नाम खुदवाया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ अल्काराज ने 1938 में डॉन बज द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ दिया। बज ने 23 साल की उम्र से पहले करियर ग्रैंडस्लैम पूरा किया था, जबकि अल्काराज ने यह कारनामा उससे भी पहले कर दिखाया। इसके अलावा वह ओपन युग में सात ग्रैंडस्लैम सिंगल्स खिताब जीतने वाले सबसे युवा पुरुष खिलाड़ी भी बन गए हैं, इस मामले में उन्होंने ब्योर्न बोर्ग का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
फाइनल में अल्काराज का सामना ऐसे खिलाड़ी से था जिसने खुद 2016 में फ्रेंच ओपन जीतकर करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया था। जोकोविच को हराकर अल्काराज करियर ग्रैंड स्लैम हासिल करने वाले नौवें पुरुष खिलाड़ी बने और ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने जिन्होंने यह उपलब्धि ऑस्ट्रेलियन ओपन में दर्ज की।
यह जीत सिर्फ एक खिताब नहीं, बल्कि पीढ़ी परिवर्तन का प्रतीक भी मानी जा रही है। जिस खिलाड़ी ने पिछले डेढ़ दशक तक पुरुष टेनिस पर राज किया, उसी को हराकर अल्काराज ने भविष्य का स्पष्ट संकेत दे दिया है। रॉड लेवर एरीना में गूंजती तालियों के बीच यह रात टेनिस इतिहास की सबसे यादगार रातों में दर्ज हो गई।
इस हार के साथ ही जोकोविच का 25वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने का सपना फिर अधूरा रह गया। जोकोविक तीन साल बाद ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचे थे और 11वां खिताब जीतने उतरे थे, लेकिन एक बार फिर अल्कराज ने उनकी राह रोक दी। पिछले आठ ग्रैंडस्लैम में जोकोविच को या तो अल्काराज या फिर जैनिक सिनर ने ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने से रोका है।





