Allक्रिकेट
Trending

Ind vs NZ: ईशान के शतक और अर्शदीप की घातक गेंदबाजी से भारत ने 4-1 से जीती सीरीज

भारत ने पांचवें और अंतिम टी20 में 46 रन से दर्ज की जीत

Ind vs NZ 5th T-20: तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में शनिवार को विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के रोमांचक पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के पांच विकेट की बदौलत भारत ने शनिवार को पांचवें और अंतिम मुकाबले में न्यूजीलैंड को 46 रन से हराकर सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ भारत ने आगामी टी-20 विश्व कप खिताब की रक्षा की तैयारियों को शानदार अंदाज़ में पूरा किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने आक्रामक खेल दिखाया और पांच विकेट पर 271 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ईशान किशन ने 43 गेंदों पर 103 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें छह चौके और दस छक्के शामिल रहे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 30 गेंदों पर 63 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी हुई, जिसने मैच को पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया।

शुरुआत में संजू सैमसन एक बार फिर नाकाम रहे और छह रन बनाकर आउट हो गए। यह सीरीज में उनकी लगातार पांचवीं विफलता रही, जिससे उनकी स्थिति पर सवाल और गहरे हो गए। अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों पर 30 रन बनाकर अच्छी शुरुआत दी, लेकिन इसके बाद न्यूजीलैंड को कोई खास सफलता नहीं मिली। आखिरी 11 ओवरों में भारत ने 189 रन जोड़ दिए और रन गति बेहद तेज़ रही। अंत में हार्दिक पांड्या ने 17 गेंदों पर 42 रन बनाकर स्कोर को और ऊंचाई दी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम के लिए फिन एलेन ने आक्रामक शुरुआत की और 38 गेंदों पर 80 रन बनाए। उन्होंने शुरुआत में भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया, लेकिन लक्ष्य बहुत बड़ा था। एलेन के आउट होते ही विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया।

भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने शानदार वापसी की। शुरुआती दो ओवरों में महंगे साबित होने के बाद उन्होंने अगले तीन ओवरों में चार विकेट झटकते हुए कुल पांच विकेट अपने नाम किए। अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने बीच के ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी कर रन गति पर लगाम लगाई। पूरी न्यूजीलैंड टीम 225 रन पर सिमट गई।

Related Articles

Back to top button