
Alcaraz storms into semifinal at Melbourne park: स्पेन के उभरते टेनिस सितारे कार्लोस अल्काराज ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पहली बार सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। 22 वर्षीय अल्काराज ने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में घरेलू दर्शकों के चहेते और छठी वरीयता प्राप्त एलेक्स डी मिनौर को 7-5, 6-2, 6-1 से हराकर मेलबर्न पार्क में करियर ग्रैंड स्लैम की अपनी उम्मीदों को जीवित रखा।
रॉड लेवर एरीना में खेले गए मुकाबले में अल्काराज ने ताकत के बजाय सटीक शॉट चयन और निरंतरता पर भरोसा किया। मैच की शुरुआत से ही उन्होंने दबदबा बनाते हुए डी मिनौर की सर्विस तोड़कर 3-0 की बढ़त हासिल की। हालांकि पहले सेट में डी मिनौर ने शानदार रिटर्न्स और लंबी रैलियों के दम पर वापसी की कोशिश की और नौवें गेम में ब्रेक लेकर स्कोर बराबर कर दिया।घरेलू दर्शकों के समर्थन के बावजूद अहम मौकों पर की गई गलतियां डी मिनौर पर भारी पड़ीं और अल्काराज ने पहला सेट अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट में शीर्ष वरीयता प्राप्त अल्काराज ने और अधिक आक्रामक खेल दिखाया। दमदार बैकहैंड क्रॉस-कोर्ट विनर्स के सहारे उन्होंने 5-2 की बढ़त बनाई और सेट आसानी से जीत लिया।
तीसरे सेट में डी मिनौर पूरी तरह दबाव में नजर आए। शुरुआती ब्रेक के बाद अल्काराज ने मुकाबले पर पूरा नियंत्रण कायम रखा और बिना किसी परेशानी के मैच समाप्त कर दिया। इस जीत के साथ अल्काराज सेमीफाइनल में अब तीसरी वरीयता प्राप्त जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव से भिड़ेंगे, जिन्होंने लर्नर टीएन को 6- 3, 6- 7(5), 6- 1, 7- 6(3) से हराया।






