
Damien martyn hospitalized: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज डेमियन मार्टिन मेनिन्जाइटिस से पीड़ित पाए गए हैं और उनका इलाज जारी है। 54 वर्षीय मार्टिन को हालत की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने कृत्रिम कोमा में रखा है। पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे मार्टिन को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद ब्रिस्बेन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मार्टिन के करीबी दोस्त और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने परिवार की ओर से इस खबर की पुष्टि की। गिलक्रिस्ट ने कहा, “डेमियन को सर्वोत्तम इलाज मिल रहा है। उनकी साथी अमांडा और परिवार को यह जानकर सुकून है कि दुनिया भर से लोग उनके लिए दुआएं और शुभकामनाएं भेज रहे हैं।”
मेनिन्जाइटिस क्या है?
मेनिन्जाइटिस एक गंभीर संक्रमण है, जिसमें मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी को ढकने वाली झिल्लियों में सूजन आ जाती है। यह बैक्टीरिया या वायरस के कारण हो सकता है। इसके लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, गर्दन में अकड़न, उल्टी और गंभीर मामलों में बेहोशी शामिल है। कुछ स्थितियों में मस्तिष्क पर दबाव कम करने के लिए मरीज को कृत्रिम कोमा में रखा जाता है।
डार्विन में जन्मे मार्टिन ने 21 वर्ष की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था और 2003 विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का अहम हिस्सा रहे। 2004 के भारत दौरे पर उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था। क्रिकेट जगत उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है






