
इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में खेले जा रहे इंडिया ओपन के दौरान अव्यवस्थाओं की शिकायतों के बीच विश्व बैडमिंटन संघ (बीडब्ल्यूएफ) ने सप्ष्ट कर दिया है कि अगस्त में होने वाली विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप इसी स्थल पर आयोजित होगी। दिल्ली को 17 साल बाद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। बीडब्ल्यूएफ ने कहा कि यह स्थल टूर्नामेंट आयोजित करने के लिए सभी जरूरतों को पूरा करता है।
बीडब्ल्यूएफ ने कहा, इंडिया ओपन 2026 के दौरान खिलाड़ियों और टीम के साथ मिलकर इंदिरा गांधी खेल परिसर की स्थितियों की समीक्षा की है। जो प्रतिक्रिया मिली वो सकारात्मक और रचनात्मक दोनों हैं और ये इस टूर्नामेंट और भविष्य की चैंपियनशिप के लिए सबसे अच्छा माहौल बनाने में बहुत अहम हैं। हम खिलाड़ियों द्वारा साझा की गई प्रतिक्रियाओं और उसके बाद मीडिया कवरेज को भी स्वीकार करते हैं। इंदिरा गांधी खेल परिसर केडी जाधव स्टेडियम की तुलना में महत्वपूर्ण अपग्रेड है जो बेहतर ढांचा प्रदान करता है।
बीडब्ल्यूएफ ने कहा कि इंदिरा गांधी खेल परिसर में जाने से खिलाड़ियों और अधिकारियों को ज्यादा जगह मिलती है और यह बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए बीडब्ल्यूएफ की फील्ड ऑफ प्ले की जरूरतों को पूरा करता है। बीडब्ल्यूएफ ने भरोसा जताया कि मौजूदा टूर्नामेंट से मिले सबक अगस्त में होने वाली प्रतियोगिता से पहले सुधारों में बदलेंगे।






