Allक्रिकेट

SA20 Final : ब्रीट्जके और स्टब्स ने सनराइजर्स को तीसरी बार बनाया चैंपियन

मैथ्यू ब्रीट्जके और कप्तान ट्रिस्टन स्टब्स की नाबाद और संयमित पारियों की बदौलत सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने एसए20 लीग के फाइनल में प्रिटोरिया कैपिटल्स को छह विकेट से हराकर चार सत्रों में तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। इससे पहले मार्को यानसेन की घातक गेंदबाजी ने टीम की जीत की मजबूत नींव रखी।

159 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 48 रन तक चार विकेट गंवा दिए। जॉनी बेयरस्टो, क्विंटन डिकॉक, जोर्डन हरमन और जेम्स कोल्स सस्ते में पवेलियन लौट गए। ऐसे मुश्किल हालात में ब्रीट्जके और स्टब्स ने पारी को संभालते हुए पांचवें विकेट के लिए 114 रन की अटूट साझेदारी की और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।

ब्रीट्जके ने 49 गेंदों में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन बनाए, जबकि स्टब्स ने 41 गेंदों में दो चौके और चार छक्के लगाते हुए 63 रन की नाबाद पारी खेली। सनराइजर्स ने 19.2 ओवर में 162 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया।

इससे पहले प्रिटोरिया कैपिटल्स ने डेवाल्ड ब्रेविस की शानदार शतकीय पारी के दम पर सात विकेट पर 158 रन बनाए। ब्रेविस ने 56 गेंदों में आठ चौके और सात छक्के लगाते हुए 101 रन की पारी खेली और एसए20 फाइनल में शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने। उन्होंने ब्राइस पार्सन्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 97 रन जोड़े।

सनराइजर्स की ओर से मार्को यानसेन ने तीन विकेट सिर्फ 10 रन देकर चटकाए, जबकि एनरिच नोर्किया ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए एक विकेट लिया। यानसेन ने आखिरी ओवरों में ब्रेविस और कप्तान केशव महाराज के विकेट लेकर प्रिटोरिया की रफ्तार पर ब्रेक लगाया।

इस जीत के साथ सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह एसए20 लीग की सबसे सफल और दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम है।

Related Articles

Back to top button