Allटेनिस
Trending

Australian Open 2026: साल के पहले ग्रैंडस्लैम के लिए ड्रॉ का हुआ ऐलान, सेमीफाइनल में भिड़ सकते हैं सिनर और जोकोविच

Djokovic and Sinner in same Half: रविवार से शुरू हो रहे साल के पहले ग्रैंडस्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के ड्रॉ का ऐलान हो गया है और पुरुष सिंगल्स में सबसे बड़ी खबर यह है कि रिकॉर्ड 10 बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच और मौजूदा दो बार के विजेता जानिक सिनर को एक ही हाफ में रखा गया है। दोनों खिलाड़ियों के बीच सेमीफाइनल में टक्कर देखने को मिल सकती है, जो इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला होगा।

सिनर ने अब तक जोकोविच के खिलाफ 10 मुकाबलों में 6 जीत दर्ज की हैं। 2024 ऑस्ट्रेलियन ओपन सेमीफाइनल में भी सिनर ने जोकोविच को हराकर अपना पहला ग्रैंडस्लैम खिताब जीता था। इस बार 38 वर्षीय जोकोविच अपने करियर का 25वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने उतरेंगे, जिससे वह मार्गरेट कोर्ट का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। दूसरे वरीय सिनर मेलबर्न पार्क में लगातार तीसरी बार खिताब जीतने की कोशिश करेंगे। सिनर का पहला मैच ह्यूगो गैस्टन से होगा।

विश्व नंबर-1 कार्लोस अल्काराज भी खिताब के प्रबल दावेदार हैं और वह करियर ग्रैंडस्लैम पूरा करने की कोशिश में हैं। उनके हाफ में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव हैं। 22 वर्षीय कार्लोस का पहला मैच लोकल ब्वॉय एडम वॉल्टन से होगा।

महिला सिंगल्स में एरिना सबालेंका तीसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने की दौड़ में हैं। उनका रास्ता आसान नहीं होगा क्योंकि सेमीफाइनल में उनकी संभावित टक्कर कोको गॉफ से हो सकती है। गॉफ ने पिछले साल फ्रेंच ओपन जीता था। विश्व नंबर-2 इगा स्वियातेक भी करियर ग्रैंडस्लैम के लक्ष्य के साथ उतरी हैं। उनके सामने क्वार्टरफाइनल में एलेना रिबाकिना जैसी मजबूत चुनौती हो सकती है। वहीं, मिरा आंद्रीवा, मैडिसन कीज और जैस्मिन पाओलिनी भी महिला खिताब की दौड़ में शामिल हैं।

अनुभवी वीनस विलियम्स अपने 22वें ऑस्ट्रेलियन ओपन अभियान की शुरुआत सर्बिया की ओल्गा डानिलोविच के खिलाफ करेंगी। कुल मिलाकर, इस साल का ऑस्ट्रेलियन ओपन रोमांचक मुकाबलों और बड़े सितारों की भिड़ंत से भरपूर रहने वाला है।

Related Articles

Back to top button