
Gujarat Giants beats UP Warriors by 10 Runs: डब्ल्यूपीएल में लगातार तीन सीजन में पहला मैच हारने वाली गुजरात जायंट्स की टीम ने शनिवार को इस क्रम को तोड़ा और यूपी वॉरियर्स को 10 रन से हराकर पहली बार शुरुआती मुकाबला जीता। मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम पर खेला गए इस मुकाबले में जमकर रन बरसे। गुजरात ने 207 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में यूपी ने भी 197 रन बना डाले। इस मैच में 21 छक्के लगे, जो किसी भी डब्ल्यूपीएल मुकाबले में अब तक सर्वाधिक हैं। इससे पहले 2024 में दिल्ली कैपिटल्स और आरसीबी के मैच में 19 छक्के लगे थे।
अगर कुल रनों की बात करें तो इस मैच में 404 रन बने, जो डब्ल्यूपीएल के इतिहास में दूसरा सर्वोच्च स्कोर है। सर्वाधिक कुल स्कोर पिछले साल यूपी और आरसीबी के मैच में बने थे, तब 438 रन दोनों टीमों ने बनाए थे।
पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर कप्तान एशले गार्डनर के 65 रन और जॉर्जिया वेयरहैम के 10 गेंद में नाबाद 27 रन की मदद से गुजरात जाइंट्स ने चार विकेट पर 207 रन बनाये । जवाब में लिचफील्ड ने यूपी को दौड़ में बनाए रखा लेकिन 16वें ओवर में उनके आउट होने के बाद गुजरात ने मैच पर शिकंजा कस लिया । लिचफील्ड ने अपनी पारी में आठ चौके और पांच छक्के लगाए ।
यूपी वारियर्स ने आठ विकेट पर 197 रन बनाए । आशा शोभना ने 10 गेंद में नाबाद 27 रन बनाये जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गुजरात जाइंट्स के लिए आस्ट्रेलिया की लेग स्पिनर जॉर्जिया वेयरहैम ने 30 रन देकर दो विकेट लिए ।






