क्रिकेट
Trending

Vijay Hazare Trophy : न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से पहले घरेलू क्रिकेट में परखेंगे फॉर्म, गिल–सूर्य और इशान पर रहेंगी नजरें

शुभमन गिल (Shubhman Gill) विजय हजारे ट्रॉफी के लिए पंजाब की टीम में

Vijay Hazare Trophy: न्यूजीलैंड (New zealand) के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम के कई अहम खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से लय हासिल करते नजर आएंगे। भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल (Shubhman Gill) को विजय हजारे ट्रॉफी के लिए पंजाब की टीम में शामिल किया गया है।

गिल के साथ विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma)और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) को भी पंजाब की 50 ओवर की टीम में जगह दी गई है। यह चयन बीसीसीआई (BCCI) के उस निर्देश के अनुरूप है, जिसमें राष्ट्रीय वनडे चैंपियनशिप में संभावित भारतीय खिलाड़ियों की भागीदारी अनिवार्य की गई है।

वहीं मुंबई की ओर से सूर्यकुमार यादव (Surya kumar Yadav) और शिवम दुबे (Shivam Dubey) भी विजय हजारे ट्रॉफी के शुरुआती दो से तीन मुकाबलों में खेलते नजर आ सकते हैं। दोनों खिलाड़ियों की मौजूदगी से टूर्नामेंट का स्तर और प्रतिस्पर्धा काफी ऊंची रहने की उम्मीद है।पंजाब को ग्रुप सी में रखा गया है, जहां उसका सामना मजबूत दावेदार मुंबई से भी होगा।

पंजाब अपने अभियान की शुरुआत 24 दिसंबर को महाराष्ट्र के खिलाफ करेगा, जबकि 26 दिसंबर को टीम छत्तीसगढ़ से भिड़ेगी। हालांकि, आठ जनवरी को प्रस्तावित मुंबई बनाम पंजाब मुकाबले में दोनों टीमों के प्रमुख खिलाड़ी उपलब्ध नहीं रहेंगे। शुभमन गिल और मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज की तैयारी के चलते इस मैच से बाहर रहेंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 11 जनवरी को वडोदरा में खेला जाएगा।

झारखंड की कमान इशान किशन के हाथ

विजय हजारे ट्रॉफी के लिए स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज इशान किशन (Ishan Kishan) को झारखंड टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। झारखंड 24 दिसंबर से शुरू होने वाले टूर्नामेंट में अहमदाबाद में कर्नाटक के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगा। हाल ही में इशान ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दमदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड को पहली बार खिताब दिलाया था। इस दौरान उन्होंने 10 पारियों में 57.44 की औसत से 517 रन बनाए, जिसमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे। फाइनल में हरियाणा के खिलाफ उनकी 101 रन की मैच जिताऊ पारी ने उनके शानदार फॉर्म की पुष्टि की। इसी प्रदर्शन के दम पर इशान किशन ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम में वापसी की है।

Related Articles

Back to top button