
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप में बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर कराने की मांग को खारिज कर दिया है। आईसीसी की बुधवार को हुई बैठक में बांग्लादेश की मांग को 14- 2 से खारिज कर दिया गया। यानी 14 देशों के बोर्ड ने बीसीबी का विरोध किया जबकि केवल उसे पाकिस्तान का साथ मिला।
आईसीसी के इस फैसले के बाद अब बांग्लादेश को तय कार्यक्रम के अनुसार भारत में ही अपने मुकाबले खेलने होंगे या फिर उसे बाहर जाना होगा और उसकी जगह दूसरी टीम को वर्ल्ड कप में शामिल किया जाएगा।
बांग्लादेश ने हाल के राजनीतिक तनाव और दोनों देशों के संबंधों में आई कड़वाहट के बाद सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में अपने मैच खेलने से इनकार कर दिया था। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने मांग की थी कि उसके सभी मुकाबले सह-मेजबान देश श्रीलंका में कराए जाएं।हालांकि, आईसीसी बोर्ड ने सुरक्षा से जुड़ी सभी रिपोर्टों और स्वतंत्र आकलनों पर विचार करने के बाद बांग्लादेश की मांग को अस्वीकार कर दिया।
आईसीसी ने अपने बयान में कहा, सभी सुरक्षा आकलनों और स्वतंत्र समीक्षाओं से यह स्पष्ट हुआ है कि भारत के किसी भी टूर्नामेंट स्थल पर बांग्लादेश के खिलाड़ियों, मीडिया कर्मियों, अधिकारियों और प्रशंसकों के लिए कोई खतरा नहीं है।आईसीसी ने यह भी कहा कि टूर्नामेंट शुरू होने में अब बहुत कम समय बचा है, ऐसे में कार्यक्रम में बदलाव करना व्यावहारिक नहीं है।
उसका मानना है कि बिना किसी विश्वसनीय सुरक्षा खतरे के शेड्यूल में बदलाव करने से भविष्य के आईसीसी टूर्नामेंटों की गरिमा और व्यवस्था पर गलत असर पड़ सकता है।बयान में आगे कहा गया, आईसीसी बोर्ड ने नोट किया कि इतने कम समय में बदलाव करना संभव नहीं है और ऐसी परिस्थितियों में कार्यक्रम बदलना एक गलत मिसाल कायम कर सकता है, जो भविष्य के आईसीसी आयोजनों की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा सकता है।
टी20 विश्व कप का आयोजन भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होना है। बांग्लादेश अपने सभी ग्रुप मैच भारत में खेलने वाला है, लेकिन उसने पहले ही साफ कर दिया था कि वह सुरक्षा कारणों से भारत का दौरा नहीं करना चाहता।





