Allक्रिकेट

Vijay Hazare Torphy: युवा सनसनी वैभव ने सिर्फ 84 गेंदाें में ठोक डाले 190 रन, जड़े 15 छक्के

Vaibhav suryavanshi smash century: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav suryavashi) ने बुधवार को अपने असाधारण प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय हजारे ट्रॉफी (vijay Hazare trophy)के प्लेट ग्रुप मुकाबले में इतिहास रच दिया। बिहार की ओर से खेलते हुए इस 14 वर्षीय सलामी बल्लेबाज ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ महज 84 गेंदों में 190 रन ठोक डाले, जिसमें 15 छक्के और 16 चौके शामिल रहे।

सूर्यवंशी ने कमजोर गेंदबाजी आक्रमण के सामने पूरी आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी करते हुए मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और विपक्षी गेंदबाजों को कोई राहत नहीं दी। उन्होंने केवल 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जिससे वह लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। भारत में यह रिकॉर्ड अब भी पंजाब के अनमोलप्रीत सिंह के नाम है, जिन्होंने 2024 में इसी टीम के खिलाफ 35 गेंदों में शतक जड़ा था।

यह विस्फोटक पारी और भी खास इसलिए रही क्योंकि सूर्यवंशी ने इसे अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार के सिर्फ तीन दिन बाद अंजाम दिया, जिससे उनकी मानसिक मजबूती और जुझारूपन भी सामने आया।

लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक का विश्व रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम दर्ज है, जिन्होंने 2023-24 सत्र में तस्मानिया के खिलाफ 29 गेंदों में शतक बनाया था। वहीं, एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स के पास है, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ जोहानिसबर्ग में 31 गेंदों में शतक जड़ा था।

इस धमाकेदार पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी ने सबसे कम उम्र में लिस्ट ए शतक लगाने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया, जिससे उन्होंने भारतीय क्रिकेट के भविष्य की एक झलक पेश कर दी।

Related Articles

Back to top button