Allक्रिकेट
Trending

Khawaja Announced Retierment : सिडनी में अपना अंतिम मैच खेलेंगे ख्वाजा, संन्यास की घाेषणा करते हुए बोले, मुस्लिम हाेने के नाते हुआ अलग व्यवहार

Usman Khawaja will play his last test match in Sydney: ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने ऐलान किया है कि वह इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) में रविवार से शुरू होने वाले पांचवें और अंतिम एशेज टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। पाकिस्तान में जन्मे 39 वर्षीय ख्वाजा ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने वाले पहले मुस्लिम क्रिकेटर हैं और उनका यह विदाई टेस्ट उनके करियर का 88वां मैच होगा।

एससीजी ख्वाजा के करियर में हमेशा खास रहा है। इसी मैदान से उन्होंने अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट की शुरुआत की थी और 2018 में यहीं इंग्लैंड के खिलाफ 171 रन बनाकर एशेज में अपना पहला शतक जड़ा था। 35 वर्ष की उम्र के बाद उन्होंने इसी मैदान पर दो शतक लगाकर अपने करियर को नई दिशा दी और अगले दो वर्षों में सात शतक लगाए।

हालांकि मौजूदा एशेज सीरीज उनके लिए आसान नहीं रही। पर्थ टेस्ट में पीठ दर्द के कारण वह पारी की शुरुआत नहीं कर सके और ब्रिस्बेन टेस्ट से चोट के चलते बाहर हो गए, जिससे उनके चयन पर सवाल उठे।

एडिलेड टेस्ट में पहले उन्हें टीम से बाहर रखा गया, लेकिन स्टीव स्मिथ के अस्वस्थ होने के कारण वापसी का मौका मिला। वहां पहली पारी में 82 रन बनाकर उन्होंने मेलबर्न टेस्ट में अपनी जगह पक्की की। ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही 3-1 की बढ़त लेकर एशेज अपने नाम कर ली है।

संन्यास की घोषणा के साथ ख्वाजा ने अपने करियर के दौरान झेली गई नस्लीय रूढ़िवादिता पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी और मुस्लिम पृष्ठभूमि के कारण उनके साथ कई बार अलग तरह का व्यवहार किया गया। चोट के दौरान मीडिया और पूर्व खिलाड़ियों की आलोचना ने उन्हें आहत किया, जबकि इसी तरह की परिस्थितियों में अन्य खिलाड़ियों के साथ ऐसा रवैया नहीं अपनाया गया।

ख्वाजा ने कहा कि उन्हें पहले से ही एहसास था कि यह उनकी आखिरी सीरीज होगी और वह अपनी शर्तों पर विदाई लेकर संतुष्ट हैं। अब तक 87 टेस्ट में उन्होंने 43.49 के औसत से 6,206 रन बनाए हैं, जिसमें 16 शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी उनके योगदान को सराहते हुए उन्हें टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक बताया है।

Related Articles

Back to top button