
India beats Bangladesh by 18 Runs: स्पिनर विहान मल्होत्रा की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने शनिवार को बुलावायो में खेले गए अंडर-19 विश्व कप के बारिश से प्रभावित मुकाबले में बांग्लादेश को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) पद्धति से 18 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
238 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की टीम एक समय मजबूत स्थिति में थी। संशोधित लक्ष्य 29 ओवर में 165 रन था और 20 ओवर में बांग्लादेश 102/2 के स्कोर पर पहुंच चुका था, जो DLS पार स्कोर से काफी आगे था। लेकिन इसके बाद विहान मल्होत्रा की घातक गेंदबाजी ने मैच का रुख पलट दिया। मल्होत्रा ने 4 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर चार अहम विकेट झटके। उन्होंने कलाम सिद्दीकी, शेख परवेज जिबोन, रिज़ान हसन और सामियुन बासिर को पवेलियन भेजकर बांग्लादेश की मध्यक्रम की कमर तोड़ दी। महज 33 गेंदों में बांग्लादेश ने पांच विकेट गंवा दिए।
कप्तान अज़ीज़ुल हकीम (51 रन) टीम को संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन खिलान पटेल की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर कैच दे बैठे। इसके बाद हेनिल पटेल ने आखिरी विकेट लेकर बांग्लादेश को 28.3 ओवर में 146 रन पर समेट दिया।इससे पहले भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी (72) और अभिज्ञान कुंडू (80) ने अर्धशतक जमाकर टीम को 238 रन तक पहुंचाया। दोनों ने मुश्किल हालात में 62 रनों की साझेदारी की।
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज अल फहद ने 5 विकेट लेकर भारत को शुरुआती झटके दिए थे, लेकिन अंत में भारत की गेंदबाज़ी भारी पड़ी।इस जीत के साथ भारत ग्रुप बी में दो मैचों से चार अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गया है।





