Allक्रिकेट

T-20 World Cup : दक्षिण अफ्रीका का विजयी रथ जारी, यूएई को छह विकेट से हराया, फॉर्म में लौटे ‘बेबी एबी’

ग्रुप चरम में सभी चारों मैच जीते, अब सुपर 8 के पहले मैच में भारत से होगा सामना

SA vs UAE : टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका ने अपनी अजेय लय को बरकरार रखते हुए संयुक्त अरब अमीरात को छह विकेट से हराकर सुपर आठ चरण में शानदार अंदाज में प्रवेश किया। लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर रही प्रोटियाज टीम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह इस बार खिताब की मजबूत दावेदार है।

अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले गेंदबाजी करते हुए यूएई को 20 ओवर में छह विकेट पर 122 रन तक सीमित कर दिया। कोर्बिन बॉश ने अनुशासित और सटीक गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में मात्र 12 रन देकर तीन अहम विकेट झटके। उनके स्पैल ने यूएई की पारी की कमर तोड़ दी। एनरिच नॉर्किया ने दो विकेट लेकर दबाव बनाए रखा, जबकि जॉर्ज लिंडे ने भी किफायती गेंदबाजी की। यूएई की ओर से अलीशान शराफू ने 45 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का पर्याप्त सहयोग नहीं मिला।

123 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने शुरुआत में संयम दिखाया और फिर तेजी से रन जुटाते हुए 13.2 ओवर में चार विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान एडेन माक्ररम ने 28 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। रियान रिकेलटन ने 30 रन बनाए, जबकि बेबी एबी के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस ने 36 रन की उपयोगी पारी खेलकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए। ब्रेविस की आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम को आत्मविश्वास से भर दिया।

इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप चरण बिना कोई मैच गंवाए समाप्त किया और अब उसका सामना सुपर आठ में मौजूदा चैंपियन भारत से होगा। यह मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक मैचों में से एक माना जा रहा है।

दूसरी ओर, यूएई का सफर इस हार के साथ समाप्त हो गया। हालांकि टीम ने कुछ मौकों पर संघर्ष दिखाया, लेकिन बड़े मंच पर अनुभव की कमी साफ नजर आई। दक्षिण अफ्रीका की संतुलित टीम संयोजन, अनुशासित गेंदबाजी और आत्मविश्वास से भरी बल्लेबाजी उसे खिताब की दौड़ में और भी मजबूत बनाती है।

Related Articles

Back to top button