UFC: चैंपियनशिप बेल्ट नहीं, अब केवल सम्मान के लिए लड़ना चाहता है ये यूएफसी फाइटर

Israel Adesanya will not fight for Belt: पूर्व UFC मिडलवेट चैंपियन इजराइल ‘इजी’ अडेसान्या (Israel Adesanya) ने साफ कर दिया है कि अब वह अपनी पहचान को चैंपियनशिप बेल्ट से जोड़कर नहीं देखना चाहते। उनके लिए अब सबसे अहम चीज है, लड़ना, जोखिम लेना और उस खेल को अपना सर्वश्रेष्ठ देना जिसने उन्हें सब कुछ दिया है।
हाल के दिनों में फैंस के बीच यह सवाल लगातार उठता रहा है कि क्या अडेसान्या संन्यास लेने वाले हैं। इस पर ‘इजी’ का जवाब बिल्कुल साफ है—अभी नहीं। उनका कहना है कि वह निकट भविष्य में रिटायरमेंट के बारे में नहीं सोच रहे और अभी भी ऑक्टागन में उतरकर दर्शकों का मनोरंजन करना चाहते हैं।
इजराइल अडेसान्या फिलहाल लगातार तीन मुकाबलों की हार के दौर से गुजर रहे हैं, लेकिन उनका आत्मविश्वास कायम है। माना जा रहा है कि वह 2026 में UFC में वापसी कर सकते हैं और मिडलवेट डिवीजन के किसी टॉप फाइटर के खिलाफ उतरेंगे। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह अगले साल इस खराब दौर से बाहर निकल पाते हैं या नहीं।
हाल ही में एक सवाल-जवाब सत्र के दौरान अडेसान्या ने अपने बदलते सोच और आने वाले मुकाबलों को लेकर अपनी मंशा स्पष्ट की। उन्होंने कहा, अब मेरे लिए बेल्ट मायने नहीं रखती। मेरे घर पर पहले से ही दो चमकदार बेल्ट रखी हैं, जो देखने में अच्छी लगती हैं। अब मैं सिर्फ लड़ना चाहता हूं। वैसे ही लड़ना, जैसे बेल्ट तक पहुंचने के सफर में लड़ा करता था।”
अडेसान्या ने आगे कहा कि चैंपियन रहते हुए भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन अब वह और ज्यादा आज़ादी के साथ लड़ना चाहते हैं। मैं फिर से जोखिम लेना चाहता हूं। वही पुराने अंदाज़ में। क्या आपको ब्रैड टावारेस वाला फाइट याद है? पहले राउंड में मैंने इमानारी रोल ट्राई किया था, जो फेल हो गया था। मैं फिर से ऐसी चीजें आजमाना चाहता हूं।”
उनका यह बयान साफ दिखाता है कि अडेसान्या अब जीत-हार या खिताब के दबाव से बाहर निकलकर शुद्ध फाइटिंग और मनोरंजन पर फोकस करना चाहते हैं। उनके प्रशंसकों के लिए यह एक अच्छी खबर है, क्योंकि ‘स्टाइलबेंडर’ एक बार फिर अपने बेखौफ और आक्रामक अंदाज में नजर आ सकते हैं।
अब सबकी निगाहें 2026 पर टिकी हैं, जब अडेसान्या एक नई सोच और नई ऊर्जा के साथ UFCऑक्टागन में वापसी कर सकते हैं।






