
Alcaraz storm into fourth round of Australian Open: ऑस्ट्रेलियन ओपन में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए कार्लोस अल्काराज ने तीसरे राउंड में फ्रांस के कोरेंटिन मुटेट को 6-2, 6-4, 6-1 से हराने के साथ ग्रैंडस्लैम में पहले 100 मैचों में 87वीं जीत हासिल करते हुए महान ब्योर्न बोर्ग की बराबरी कर ली। 22 वर्षीय स्पेनिश स्टार ने ओपन एरा में पहले 100 ग्रैंडस्लैम मैचों में सबसे ज्यादा जीत के मामले में बोर्ग के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। बोर्ग ने 1979 फ्रेंच ओपन के तीसरे दौर में अपनी 87वीं जीत दर्ज की थी, जबकि अल्काराज ने यह उपलब्धि 2026 ऑस्ट्रेलियन ओपन में हासिल की।
इसके साथ अलकाराज ने 87-13 के जीत हार के रिकॉर्ड के साथ ही कई महान खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है। राफेल नडाल और जॉन मैकएनरो दोनों ने अपने पहले 100 ग्रैंडस्लैम मैचों में 86-14 का रिकॉर्ड बनाया था। वहीं 24 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच ने अपने शुरुआती 100 मैचों में 79 जीत दर्ज की थीं, जबकि रोजर फेडडर का का रिकॉर्ड 80-20 रहा।
अल्कराज के मौजूदा बड़े प्रतिद्वंद्वी जैनिक सिनर ने पिछले साल विंबलडन में अपना 100वां ग्रैंडस्लैम मैच खेला था और उस समय उनका रिकॉर्ड 81-19 था। उस मुकाबले में सिनर ने अल्काराज को हराया था।
अल्काराज पहले ही छह ग्रैंडस्लैम खिताब जीत चुके हैं और इस समय वह ऑस्ट्रेलियन ओपन में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि के करीब हैं। यदि वह मेलबर्न पार्क में पहली बार खिताब जीतने में सफल रहते हैं, तो वह करियर ग्रैंडस्लैम पूरा करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे।
ग्रैंडस्लैम में अल्काराज का सफर चार साल पहले इसी मेलबर्न पार्क से शुरू हुआ था, जब तत्कालीन विश्व रैंकिंग 141 पर मौजूद खिलाड़ी ने क्वालीफायर के तौर पर पहली जीत दर्ज की थी। 2022 में यूएस ओपन खिताब के साथ वह एटीपी इतिहास के सबसे युवा विश्व नंबर एक बने। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या अलकाराज इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट को जीतकर मेलबर्न से ट्रॉफी के साथ विदा ले पाते हैं।





