Allफुटबॉल

Man United sacks Amorim:14 महीने में ही युनाइटेड ने अमोरिम को हटाया, क्लब ने पुर्तगाल के कोच पर खर्च किए थे 100 करोड़ से ज्यादा

इंग्लिश फुटबॉल के सबसे प्रतिष्ठित क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड ने सिर्फ 14 महीने के कार्यकाल के बाद मुख्य कोच रुबेन अमोरिम को पद से हटा दिया है। क्लब ने सोमवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। यह फैसला लीड्स के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ के एक दिन बाद आया, जिसके बाद अमोरिम ने युनाइटेड के साथ अपने भविष्य को लेकर सार्वजनिक तौर पर काफी कुछ कहा था।

बुधवार को बर्नली के खिलाफ होने वाले मुकाबले में युवा टीम के कोच डैरेन फ्लेचर कार्यवाहक कोच की भूमिका निभाएंगे। पिछला सीजन युनाइटेड के लिए बेहद निराशाजनक रहा था। अमोरिम के नेतृत्व में क्लब ने प्रीमियर लीग युग में अपना सबसे खराब प्रदर्शन किया और 15वें स्थान पर रहा। यह उसका अब तक का सबसे कम अंक और सबसे ज्यादा हार वाला सीजन था। अमोरिम ने खुद इसे विनाशकारी अभियान बताया था और प्रशंसकों से माफी भी मांगी थी।

पुर्तगाल के स्पोर्टिंग लिस्बन से नवंबर 2024 में 115 करोड़ रुपये से ज्यादा (11 मिलियन यूरो) की कीमत पर लाए गए अमोरिम को यूरोप के सबसे प्रतिभाशाली युवा कोचों में गिना जाता था। उनसे उम्मीद थी कि वे यूनाइटेड को दोबारा इंग्लिश फुटबॉल की चोटी पर पहुंचाएंगे। हालांकि, नतीजे लगातार गिरते गए। यूरोपा लीग फाइनल में हार के बाद चैंपियंस लीग की उम्मीदें भी टूट गईं।

क्लब ने उन्हें टीम सुधारने के लिए 300 मिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च करने की छूट दी, लेकिन इस सीजन भी प्रदर्शन में निरंतरता नहीं आई। अमोरिम का अनुबंध 2027 तक था और अब यह साफ नहीं है कि उन्हें कितनी मुआवजा राशि मिलेगी।

Related Articles

Back to top button