
आस्ट्रेलिया के पूर्व टेनिस दिग्गज और 16 बार के ग्रैंडस्लैम डबल्स चैंपियन टॉड वुडब्रिज ने कहा कि ऑस्ट्रेलियन ओपन में जैनिक सिनर और कार्लोस अल्काराज की प्रतिद्वंद्विता सबसे बड़ी होगी। ये ऐसी राइवलरी है, जिसने खेल का स्तर बहुत ऊंचा कर दिया है। दैनिक जागरण से बातचीत में वुडब्रिज ने कहा, सिनर और अल्काराज के बीच प्रतिद्वंद्विता भविष्य की नहीं, बल्कि वर्तमान की ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता बन चुकी है। हमें रोलां गैरो, विंबलडन और यूएस ओपन में इन दोनों के बीच तीन शानदार फाइनल देखने को मिले। हर मुकाबला अलग कहानी लेकर आया। कभी अलकराज हावी रहे, तो कभी सिनर। सबसे खास बात यह है कि दोनों खिलाड़ी अपनी उम्र से कहीं आगे का टेनिस खेल रहे हैं।
वुडब्रिज ने कहा कि अल्काराज और सिनर इतनी कम उम्र में जिस तरह की पावर, एथलेटिसिज्म, रणनीतिक समझ और मानसिक मजबूती ये दिखा रहे हैं, वैसा हमने अतीत में केवल रोजर फेडरर, राफेल नडाल और नोवाक जोकोविच के बीच ही देखा था। ये दोनों सिर्फ ताकत के दम पर नहीं जीतते, बल्कि वे यह भी जानते हैं कि सामने वाले की ताकत को कैसे कमजोर करना है। यही वजह है कि इनके मुकाबले शारीरिक से ज्यादा दिमागी जंग बन जाते हैं और इन्होंने अपने समकालीन खिलाड़ियों के लिए टेनिस का मानक बेहद ऊंचा कर दिया है।
फोंसेका से बड़ी उम्मीदें : वुडब्रिज ने कहा कि अगर इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन में युवा खिलाड़ियों की बात करूं तो मैं जोआओ फोंसेका को लेकर काफी उत्साहित हूं। उसमें सिनर और अलकराज को चुनौती देने की क्षमता दिखती है। इसके अलावा कैस्पर रूड और टेलर फ्रिट्ज जैसे खिलाड़ी ग्रैंडस्लैम में गहराई तक जा सकते हैं, लेकिन शीर्ष दो खिलाड़ियों के खिलाफ उन्हें अभी संघर्ष करना पड़ता है। एलेक्स डि मिनौर की मेहनत मुझे बहुत प्रभावित करती है। वह लगातार छोटे-छोटे सुधारों पर काम करता है और यही उसे खास बनाता है।
महिला सिंगल्स में इगा स्वियातेक और एरिना सबालेंका की राइवलरी पर भी टाड वुडब्रिज ने कहा कि पिछले दो सालों में महिला टेनिस बेहद रोमांचक रहा है। कई खिलाड़ियों में क्षमता है, लेकिन सबालेंका की निरंतरता सबसे अलग नजर आती है। उन्होंने कुछ बड़े मैच खुद भी गंवाए हैं और वह इसे स्वीकार करती हैं, लेकिन हर बार वह उससे मजबूत होकर लौटी हैं। यह उनकी मानसिक मजबूती को दिखाता है। इगा स्वियातेक इस समय अपने करियर के ऐसे दौर में हैं, जहां वह और अधिक लचीलापन सीख रही हैं।





