AFG vs SA: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बुधवार को अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबले में क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर दिखा। दो-दो सुपर ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने मुकाबला जीता, लेकिन अफगानिस्तान ने अपने खेल से करोड़ों लोगों के दिल जीता। 187 रन के जवाब में अफगानिस्तान ने भी अंतिम गेंद तक लड़ते हुए 187 रन बनाए। इसके बाद पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए, जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने भी 17 रन बनाए। ट्रिस्टन स्टब्स ने अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर टीम को हार से बचाया।
इसके बाद दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने तीन छक्के लगाते हुए 23 रन बनाए, जिसके बाद अफगानिस्तान ने पहली दो गेंद पर एक विकेट गंवा दिया। इसके बाद क्रीज पर उतरे रहमानुल्लाह गुरबाज जिन्होंने 42 गेंद में 84 रन की पारी खेलकर मैच को टाई कराया। अफगानिस्तान को चार गेंदों पर चार छक्के चाहिए थे और गुरबाज ने तीन गेंद पर तीन छक्के लगाकर टीम की जीत की उम्मीदों को बांधे रखा। इसके बाद केशव महाराज ने एक वाइड फेंकी, जिसके अफगानिस्तान को जीत के लिए केवल 5 रन चाहिए थे, लेकिन महाराज ने गुरबाज को कैच कराकर ये टीम को रोमांचक जीत दिला दी। यह मुकाबला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास के सबसे महान मैचों में से एक के रूप में याद किया जाएगा।
अफगानिस्तान के लिए यह मुकाबला लंबे समय तक टीस देने वाला साबित हो सकता है। बेहद करीबी अंतर से मिली हार के बाद टीम जरूर 19.4 ओवर के उस अहम पल को याद करेगी, जहां शायद एक रन लेकर स्कोर बराबर किया जा सकता था। क्या नूर अहमद सिंगल लेकर मैच टाई कर सकते थे और फजलहक फारूकी पर भरोसा कर सकते थे कि वह अंतिम गेंदों में जीत दिला देंगे? या फिर फारूकी सोच रहे होंगे कि काश वह थोड़ा तेज दौड़ते और रन आउट से बच जाते। मुकाबले के अंतर बेहद मामूली रहे, लेकिन परिणाम निर्णायक रहा।
इस हार के बाद अफगानिस्तान के सामने टूर्नामेंट में आगे बढ़ने की राह कठिन हो गई है। अब उन्हें अपने बाकी दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे और साथ ही न्यूजीलैंड-दक्षिण अफ्रीका मुकाबले के हारने वाली टीम के कनाडा या यूएई से हारने की उम्मीद भी करनी होगी। हालांकि, फिलहाल चर्चा इसी रोमांचक मुकाबले की।
दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। क्विंटन डि कॉक और रयान रिकेल्टन ने दूसरे विकेट के लिए 114 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके बाद अफगानिस्तान ने वापसी की कोशिश की और मध्यक्रम को ज्यादा खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन शायद उन्हें भी अंदाजा नहीं था कि मैच का फैसला इतना नाटकीय मोड़ लेगा।
अफगानिस्तान की गेंदबाजी ने दक्षिण अफ्रीका को 187 तक रोककर अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन लक्ष्य का पीछा करते हुए कुछ छोटे-छोटे क्षण निर्णायक बन गए। रहमानुल्लाह गुरबाज ने 84 रन की पारी खेलकर अफगानिस्तान को लक्ष्य के करीब पहुंचाया, लेकिन अंतिम ओवरों में लगातार विकेट गंवाने से अफगानिस्तान की टीम लड़खड़ा गई। हालांकि नूर अहमद ने अंतिम ओवर में कमाल की बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाया, लेकिन फजलहक की एक गलती से अफगानिस्तान को यह मैच गंवाना पड़ गया।






