
टी20 विश्व कप के ग्रुप बी मुकाबले में श्रीलंका ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ओमान को 105 रन से करारी शिकस्त दी और सुपर आठ में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। कप्तान दासुन शनाका की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी के साथ कुसल मेंडिस और पवन रत्नायके के शानदार योगदान ने जीत की नींव रखी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 225 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कुसल मेंडिस ने 45 गेंदों पर 61 रन बनाकर पारी को स्थिरता दी। पवन रत्नायके ने मात्र 28 गेंदों पर 60 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल था। दोनों के बीच 52 गेंदों में 94 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई।
इसके बाद कप्तान शनाका ने केवल 20 गेंदों पर 50 रन जड़ते हुए मैच का रुख पूरी तरह श्रीलंका के पक्ष में मोड़ दिया। उन्होंने दो चौके और पांच छक्के लगाए तथा 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर टी20 विश्व कप में श्रीलंका की ओर से सबसे तेज अर्धशतक का नया रिकॉर्ड बनाया। अंतिम चार ओवरों में श्रीलंका ने 65 रन जोड़े, जो इस टूर्नामेंट का अब तक का सर्वोच्च स्कोर रहा।जवाब में ओमान की शुरुआत बेहद खराब रही। दुष्मंत चमीरा और महीश तीक्षणा ने शुरुआती झटके देकर ओमान को दबाव में डाल दिया।
ओमान की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 120 रन ही बना सकी। मोहम्मद नदीम ने 56 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। वसीम अली ने 27 रन का योगदान दिया।चमीरा और तीक्षणा ने दो-दो विकेट लेकर श्रीलंका की जीत सुनिश्चित की। यह श्रीलंका की लगातार दूसरी जीत है और वह चार अंकों के साथ ग्रुप बी में शीर्ष पर पहुंच गया है, जबकि ओमान को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी।






