Allक्रिकेट

T-20 World Cup :बारिश ने पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को किया बाहर, जिम्बाब्वे सुपर 8 में

पल्लेकेले में खेले जाने वाला ग्रुप बी का अहम मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, लेकिन यह नतीजा जिम्बाब्वे के लिए किसी जीत से कम नहीं रहा। आयरलैंड के खिलाफ मैच रद्द होने के बाद जिम्बाब्वे ने टी20 विश्व कप के सुपर 8 चरण में प्रवेश कर लिया, जबकि पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

लगातार बारिश के कारण पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में टॉस तक नहीं हो सका और दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिए गए। इस साझा अंक के साथ जिम्बाब्वे के कुल पांच अंक हो गए, जो उन्हें सुपर 8 में पहुंचाने के लिए पर्याप्त थे। अब जिम्बाब्वे 26 फरवरी को चेन्नई में भारत के खिलाफ अपना पहला सुपर 8 मुकाबला खेलेगा।

जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ एक कदम है, मंजिल नहीं। उन्होंने कहा, “यह हमारे लक्ष्य की दिशा में एक छोटी सी टिक है। हम थोड़ी खुशी मनाएंगे, लेकिन फिर अगली चुनौती पर ध्यान देंगे। जिम्बाब्वे, जो 2024 संस्करण के लिए क्वालीफाई नहीं कर सका था, इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर 8 में जगह बनाने वाली सातवीं टीम बना।

ग्रुप जी1 में अब भारत, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे शामिल हैं।दूसरी ओर, छह अंकों के साथ श्रीलंका पहले ही सुपर 8 में पहुंच चुका था। ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद थी कि जिम्बाब्वे अपने बाकी दोनों मैच हार जाए, लेकिन बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

बारिश के बावजूद जिम्बाब्वे के समर्थकों का उत्साह कम नहीं हुआ। स्टेडियम में मौजूद प्रशंसक गाते-नाचते अपनी टीम की उपलब्धि का जश्न मनाते नजर आए। रजा ने कहा कि उनके प्रशंसक हर परिस्थिति में टीम को ऊर्जा देते हैं। अब जिम्बाब्वे की नजरें अपने अंतिम ग्रुप मैच और सुपर 8 में बेहतर प्रदर्शन पर होंगी, जहां वे खुद को अंडरडॉग से मजबूत दावेदार साबित करना चाहेंगे।

Related Articles

Back to top button