
PCB Support BCB : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने टी20 विश्व कप 2026 में भारत में खेलने से इनकार करने के बांग्लादेश के फैसले का समर्थन किया है। पीसीबी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को लिखे एक पत्र में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के रुख को सही ठहराया है।
आईसीसी बोर्ड बुधवार को बैठक कर इस मुद्दे पर अंतिम फैसला लेने वाला है कि बांग्लादेश की टीम 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप के लिए भारत का दौरा करेगी या नहीं। मौजूदा कार्यक्रम के अनुसार, बांग्लादेश को अपने चारों ग्रुप मैच भारत में खेलने हैं, जिनमें तीन कोलकाता में और एक मुंबई में।
हालांकि, बांग्लादेश सरकार और बीसीबी दोनों ही इस फैसले पर अड़े हुए हैं कि टीम को सुरक्षा कारणों से भारत नहीं भेजा जा सकता। उन्होंने अपने सभी मैच सह-मेजबान श्रीलंका में कराने की मांग की है। आईसीसी बैठक से ठीक पहले पीसीबी ने वैश्विक संस्था को पत्र लिखकर बांग्लादेश के पक्ष में समर्थन जताया। ‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पत्र की कॉपी आईसीसी बोर्ड के सभी सदस्यों को भेजी गई है।
आईसीसी और बीसीबी के बीच इस मुद्दे पर कई दौर की बातचीत हो चुकी है, जिसमें पिछले सप्ताह ढाका में हुई बैठक भी शामिल है। लेकिन दोनों पक्षों के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है। आईसीसी जहां टूर्नामेंट को तय कार्यक्रम के अनुसार कराने पर जोर दे रहा है, वहीं बीसीबी भारत जाने से इनकार कर रहा है।
पाकिस्तान बोर्ड ने इस मामले पर सार्वजनिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि बांग्लादेश सरकार ने पाकिस्तान से समर्थन मांगा था। पाकिस्तान खुद 2027 तक हाइब्रिड मॉडल के तहत अपने आईसीसी मैच श्रीलंका में खेलेगा। यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब बीसीसीआई के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल टीम से रिलीज कर दिया। इसके बाद बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में आईपीएल प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया और बीसीबी ने आईसीसी को सूचित किया कि वह भारत में विश्व कप मैच नहीं खेलेगा।






