T-20 World Cup Trophy Grand Entry: 2026 आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के रोमांच को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए श्रीलंका के पैरा-ग्लाइडर्स के एक समूह ने गुरुवार को प्रतिष्ठित ट्रॉफी को कोलंबो के ऐतिहासिक आर. प्रेमदासा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक आसमान के रास्ते पहुंचाया। टी20 विश्व कप का जोश हवा में फैलाते हुए इन पैरा-ग्लाइडर्स ने पहले ट्रॉफी के साथ रोमांचक उड़ान भरी और फिर मेजबान श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच पहले वनडे मैच से पहले स्टेडियम में इसकी भव्य एंट्री कराई। यह अनोखा और मनोरंजक ट्रॉफी लॉन्च श्रीलंका क्रिकेट द्वारा वीडियो में कैद किया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर “ड्रॉपिंग इन विद सम हेवी मेटल” कैप्शन के साथ साझा किया गया।
इस वीडियो में पैरा-ग्लाइडर्स को ट्रॉफी के साथ आसमान में उड़ते हुए देखा जा सकता है, जिसने क्रिकेट प्रशंसकों को खूब रोमांचित किया। सोशल मीडिया पर फैंस ने इस अनोखे अंदाज में ट्रॉफी की एंट्री की जमकर तारीफ की। खास बात यह रही कि इस शानदार नजारे ने मैदान पर मौजूद श्रीलंकाई क्रिकेटरों का भी ध्यान खींचा। इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले की पहली गेंद फेंके जाने से पहले खिलाड़ी भी इस दृश्य का लुत्फ उठाते नजर आए।
टी20 विश्व कप की ट्रॉफी को इस तरह हवा के जरिए स्टेडियम तक लाना न सिर्फ एक रोमांचक अनुभव था, बल्कि इससे टूर्नामेंट के प्रति उत्साह भी कई गुना बढ़ गया। यह पहल क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक यादगार पल बन गई, जिसने 2026 टी20 विश्व कप के आगाज़ से पहले माहौल को पूरी तरह गर्म कर दिया।






