Allक्रिकेट
Trending

T-20 World Cup: 15 फरवरी को भारत से मैच खेलेगा पाकिस्तान, आईसीसी बैठक के बाद लिया यू-टर्न

Pakistan confirm to play with India in T-20 World Cup: टी20 विश्व कप में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले को लेकर पाकिस्तान सरकार ने आखिरकार अपना रुख बदल दिया है। पहले बहिष्कार की घोषणा करने के बाद अब सरकार ने टीम को मैच खेलने की अनुमति दे दी है। यह यू-टर्न आईसीसी और विभिन्न क्रिकेट बोर्डों के साथ हुई मैराथन बैठक के बाद आया। कुछ दिन पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच न खेलने का ऐलान किया था। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी सार्वजनिक रूप से इसी रुख का समर्थन किया था।

हालांकि सोमवार रात को आईसीसी के साथ बैठक के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कुछ ही घंटों में सरकार ने टीम को खेलने की मंजूरी दे दी। सरकारी बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री को आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के बीच हुई उच्चस्तरीय वार्ता की जानकारी दी गई। श्रीलंका के राष्ट्रपति से भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई और कई मित्र देशों के आग्रह के बाद सरकार ने सकारात्मक फैसला लिया। सरकार ने यह भी दोहराया कि पाकिस्तान बांग्लादेश के साथ खड़ा है।

बैठक में पीसीबी ने कई मांगें रखीं, जिनमें बांग्लादेश पर कार्रवाई न करने, उसे राजस्व में हिस्सा देने, भविष्य में आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी और भारत-पाक द्विपक्षीय सीरीज की बहाली शामिल थी। हालांकि आईसीसी ने स्पष्ट किया कि अनुशासनात्मक कार्रवाई और द्विपक्षीय सीरीज जैसे मुद्दे उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आते।

आईसीसी ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि बांग्लादेश पर कोई वित्तीय या प्रशासनिक दंड नहीं लगाया जाएगा और 2028 से 2031 के बीच उसे किसी आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी दी जाएगी। इस घटनाक्रम से पाकिस्तान सरकार की छवि पर सवाल उठे हैं, लेकिन अंततः क्रिकेट कूटनीति ने सियासत पर जीत हासिल की और हाईवोल्टेज मुकाबला अब तय कार्यक्रम के अनुसार होगा।

Related Articles

Back to top button