
NZ vs AFG : टी20 वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड ने टूर्नामेंट के इतिहास में अपना सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करते हुए जायंट किलर अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराया और 2024 टी20 वर्ल्ड कप में मिली हार का हिसाब भी चुकता कर लिया। अफगानिस्तान ने न्यूजीलैंड के सामने 183 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे कीवी टीम ने 17.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड की जीत के हीरो रहे टिम सिफर्ट जिन्होंने 65 रन की शानदार पारी खेली।
न्यूजीलैंड की इस जीत के पीछे दो बेहद अहम कारण रहे। पहला, टीम ने टी20 विश्व कप के इतिहास में अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज दर्ज किया। 183 रन का लक्ष्य किसी भी हालत में आसान नहीं था, खासकर तब जब सामने अफगानिस्तान जैसी अनुशासित और आत्मविश्वास से भरी गेंदबाजी इकाई हो। दूसरा अहम पहलू यह रहा कि शुरुआती झटकों के बावजूद न्यूजीलैंड ने धैर्य नहीं खोया और अपनी रणनीति पर टिके रहे।
मैच की शुरुआत अफगानिस्तान के पक्ष में जाती दिख रही थी। स्पिनर मुजीब उर रहमान ने फिन एलन और रचिन रवींद्र के स्टंप्स उखाड़कर न्यूजीलैंड को बैकफुट पर ला दिया। इन दो शुरुआती सफलताओं के बाद अफगानिस्तान का उत्साह चरम पर था। 2024 टी20 विश्व कप में न्यूज़ीलैंड को मात देने की यादें ताजा थीं और टीम को भरोसा था कि वे लगातार दूसरी बार इस बड़े प्रतिद्वंदी को हराने में कामयाब रहेंगे।लेकिन इस बार कहानी का हीरो बने टिम सिफर्ट। पावरप्ले में उनकी जवाबी आक्रामक बल्लेबाजी ने मैच की दिशा पूरी तरह बदल दी।
सिफर्ट के पास उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में खेलने का भरपूर अनुभव है। वह कई वैश्विक लीगों में खेल चुके हैं और कैरेबियन प्रीमियर लीग की मुश्किल, धीमी और स्पिन-अनुकूल पिचों पर भी खुद को साबित कर चुके हैं। यही अनुभव इस मुकाबले में उनके काम आया।सिफर्ट ने मुजीब उर रहमान के खिलाफ सीधा बल्ला रखते हुए जोखिम से बचने की रणनीति अपनाई, जिससे अफगान स्पिनर आगे कोई बड़ा नुकसान नहीं कर सके।
इसके उलट, उन्होंने तेज गेंदबाज़ों को निशाना बनाया। पावरप्ले में बाएं हाथ के फजलहक फारूकी के खिलाफ खेली गई 11 गेंदों में सिफर्ट ने चार चौके और एक छक्का जड़ते हुए दबाव पूरी तरह अफगानिस्तान पर डाल दिया।





