Allक्रिकेट

T-20 World Cup : एडम मिल्ने के चोटिल होने के बाद काइल जैमीसन न्यूजीलैंड की टीम में शामिल

Kyle jamieson replace Adam Milne in NewZealand Squqd : न्यूजीलैंड ने बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट के चलते तेज गेंदबाज एडम मिल्ने को टी20 विश्व कप टीम से बाहर कर दिया है और उनकी जगह काइल जैमीसन को शामिल किया है। मिल्ने को यह चोट पिछले रविवार को एसए20 लीग में सनराइजर्स ईस्टर्न केप और एमआई केप टाउन के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान लगी थी।

न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, मिल्ने की चोट का स्कैन कराने पर इसकी गंभीरता सामने आई, जिसके बाद उन्हें इस बड़े टूर्नामेंट से हटाने का फैसला किया गया। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि मिल्ने इस समय टी20 विश्व कप की तैयारियों में जुटे हुए थे और इसी वजह से वह भारत दौरे पर टीम का हिस्सा भी नहीं थे।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी देते हुए बताया कि काइल जैमीसन फिलहाल भारत दौरे पर सफेद गेंद की टीम के साथ मौजूद हैं। अब उन्हें टी20 विश्व कप की मुख्य टीम में शामिल किया गया है। इससे पहले जैमीसन को फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका में होने वाले टूर्नामेंटों के लिए रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में रखा गया था।

न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वॉल्टर ने मिल्ने के बाहर होने पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि टीम को एडम मिल्ने के लिए बेहद दुख हो रहा है, क्योंकि उन्होंने इस टूर्नामेंट के लिए खुद को पूरी तरह तैयार करने के लिए कड़ी मेहनत की थी। वॉल्टर ने बताया कि एसए20 में सनराइजर्स ईस्टर्न केप के लिए खेले गए आठ मैचों में मिल्ने अपनी पुरानी लय में लौटते नजर आ रहे थे, जिससे टीम को उनसे काफी उम्मीदें थीं।

कोच ने यह भी भरोसा जताया कि काइल जैमीसन टी20 विश्व कप में प्रभावी प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि जैमीसन ने भारत दौरे पर न्यूजीलैंड के अपेक्षाकृत कम अनुभवी तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी संभाली है और उनके अनुभव से टीम को बड़ा फायदा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button