
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के मुख्य कोच जोनाथन ट्रॉट ने चार साल के कार्यकाल के बाद अपने पद से विदाई ले ली। 44 वर्षीय ट्रॉट ने भावुक होते हुए उस भूमिका को अलविदा कहा, जो उन्हें “संयोग से” मिली थी। अफगानिस्तान ने गुरुवार को अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में कनाडा को 82 रन से हराया, हालांकि टीम पहले ही सुपर आठ की दौड़ से बाहर हो चुकी थी।
ट्रॉट को यह जिम्मेदारी तब मिली थी जब यह पद मूल रूप से इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी ग्राहम थॉर्प को प्रस्तावित किया गया था, लेकिन वह उस समय इसे स्वीकार नहीं कर सके। इसके बाद ट्रॉट को यह अवसर मिला और उन्होंने इसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया।
मैच के बाद ट्रॉट ने कहा, “शायद यह सही समय है, शायद नहीं। लेकिन मैं सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। मुझे यह मौका संयोग से मिला और मैंने इसे दोनों हाथों से थामा। मैंने अपनी पूरी कोशिश की और उम्मीद है कि खिलाड़ी मेरे खेल के प्रति प्रेम और उनके प्रति मेरे समर्पण को समझ पाए होंगे।”
दक्षिण अफ्रीका में जन्मे ट्रॉट के नेतृत्व में अफगानिस्तान ने सीमित ओवरों के क्रिकेट में उल्लेखनीय प्रगति की। टीम 2023 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल के बेहद करीब पहुंची थी और 2024 टी20 विश्व कप में नॉकआउट चरण तक भी पहुंची।ट्रॉट ने कहा कि उनके लिए सबसे बड़ी संतुष्टि खिलाड़ियों के व्यक्तिगत विकास को देखना रहा। मैदान के बाहर खिलाड़ियों को विकसित होते देखना मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी रही है। यह देखना कि कैसे इस खेल ने उनके परिवारों की जिंदगी बदली है, बेहद संतोषजनक है।
उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो सुपर ओवर में मिली हार को याद करते हुए कहा कि टीम थोड़ी बदकिस्मत रही। उन्होंने कहा “अगर कुछ सेंटीमीटर का फर्क होता तो नतीजा अलग हो सकता था। भावुक ट्रॉट ने अंत में कहा कि वह इस अवसर के लिए आभारी हैं और अफगानिस्तान क्रिकेट के भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।





