
टी20 विश्व कप के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त देकर सुपर आठ में अपनी जगह पक्की कर ली। कोलंबो में खेले गए मुकाबले में इशान किशन की आक्रामक अर्धशतकीय पारी और जसप्रीत बुमराह की धारदार गेंदबाजी ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया। इस जीत के साथ भारत ने टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने सात विकेट पर 175 रन बनाए। प्रेमदासा की धीमी पिच पर इशान किशन ने 40 गेंदों में 77 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें उन्होंने ताकत और तकनीक का बेहतरीन मिश्रण दिखाया। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी की। किशन ने 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और पाकिस्तानी स्पिनरों पर जमकर प्रहार किया। कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) ने भी अहम योगदान देकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। हार्दिक पांड्या ने पहले ही ओवर में साहिबजादा फरहान को आउट कर झटका दिया। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने साइम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा को लगातार गेंदों पर पवेलियन भेज दिया।
बाबर आजम भी अक्षर पटेल की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड हो गए। पाकिस्तान की टीम 13/3 से उबर नहीं सकी और 114 रन पर सिमट गई। बुमराह (2/17) और पांड्या (2/16) के अलावा भारतीय स्पिनरों ने मध्य ओवरों में शिकंजा कसा रहा।
सूर्य ने आगा से नहीं मिलाया हाथ: मुकाबले से पहले टॉस के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी ने पुष्टि की कि ‘नो हैंडशेक नीति’ जारी रहेगी। मैच के बाद भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने की परंपरा नहीं निभाई जाएगी। यह निर्णय पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के सम्मान और भारतीय सेना के समर्थन में लिया गया है।





