Allक्रिकेट

T-20 World Cup: सूर्यकुमार की कप्तानी पारी और गेंदबाजों के कमाल से जीता भारत

भारत ने पहले मैच में अमेरिका को 29 रन से हराया

भारत ने टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ जरूर की, लेकिन अमेरिका ने डिफेंडिंग चैंपियन को कड़ी चुनौती देकर यह साफ कर दिया कि मुकाबला आसान नहीं होने वाला है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बल्ले और गेंद दोनों से भारत को आखिरी तक संघर्ष करना पड़ा, हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव की शानदार पारी और गेंदबाज़ों के अनुशासित प्रदर्शन ने अंततः टीम को जीत दिला दी।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161 रन बनाए, जिसके जवाब में अमेरिका की टीम 132 रन ही बना सकी और भारत ने 29 रन से यह मैच जीता।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। अमेरिका की सटीक और आक्रामक गेंदबाज़ी ने पावरप्ले में ही भारत को बैकफुट पर धकेल दिया। शुरुआती झटकों के बाद भारत 13 ओवर में 77 रन पर छह विकेट गंवा चुका था और बड़ा स्कोर दूर नजर आ रहा था। ऐसे समय में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी संभाली और दबाव में शानदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया।

सूर्यकुमार यादव ने 84 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उनकी पारी न सिर्फ तकनीकी रूप से मजबूत थी, बल्कि हालात के हिसाब से पूरी तरह परिपक्व भी। अक्षर पटेल ने उनका अच्छा साथ दिया और दोनों की साझेदारी ने भारत को 160 के पार पहुंचाया, जो बाद में निर्णायक साबित हुआ।

जवाब में अमेरिका की टीम ने साहस के साथ लक्ष्य का पीछा किया। शुरुआती विकेट गिरने के बावजूद मिलिंद और संजय ने उपयोगी साझेदारी कर मुकाबले को जीवंत बनाए रखा। हालांकि 16वें ओवर में अक्षर पटेल के दो विकेटों ने मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया। इसके बाद अमेरिका दबाव से उबर नहीं सका।

गेंदबाजी में भारत ने केवल पांच गेंदबाजों का इस्तेमाल किया और हार्दिक पांड्या को छोड़कर सभी विकेट लेने में सफल रहे। एक बार फिर अर्शदीप सिंह ने नई गेंद से शानदार प्रदर्शन किया और विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। सिराज ने तीन, अक्षर और अर्शदीप ने दो दो और वरुण ने एक विकेट लिया।

अमेरिका जरूर सोचेगा कि यह भारत को हराने का उनका सबसे अच्छा मौका था। खासकर वह क्षण, जब सूर्यकुमार यादव को 15 रन पर जीवनदान मिला, उन्हें लंबे समय तक कचोटेगा।

Related Articles

Back to top button