Allक्रिकेट
Trending

T-20 World Cup: भारत लगातार दूसरी बार फाइनल में, इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में सात रन से हराया

इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है और अब उसकी नजर खिताब जीतने पर होगी।

IND vs Eng Semifinal: भारत ने एक बेहद रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को सात रन से हराकर लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बना ली। रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम का सामना न्यूजीलैंड से होगा।

दिलचस्प बात यह है कि पिछले टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भी भारत ने इंग्लैंड को हराकर ही फाइनल का टिकट हासिल किया था। इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संजू सैमसन की शानदार पारी की बदौलत सात विकेट पर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड ने जेकब बेथेल के शतक के दम पर कड़ी टक्कर दी, लेकिन टीम सात विकेट पर 246 रन ही बना सकी।भारतीय पारी के नायक संजू सैमसन रहे, जिन्होंने 42 गेंदों में 89 रन की विस्फोटक पारी खेली।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा जल्दी पवेलियन लौट गए। हालांकि इसके बाद सैमसन ने जिम्मेदारी संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी शुरू कर दी। तीसरे ओवर में जोफ्रा आर्चर की गेंद पर सैमसन को 15 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला, जब हैरी ब्रूक ने मिड-ऑन पर उनका आसान कैच छोड़ दिया। इस मौके का फायदा उठाते हुए सैमसन ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने अपनी पारी में सात छक्के और आठ चौके लगाए और पिछले साल आर्चर के खिलाफ हुई नाकामियों का बदला भी ले लिया।

सैमसन को ईशान किशन का भी अच्छा साथ मिला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन की तेज साझेदारी की। किशन ने 19 गेंदों में 39 रन बनाकर टीम की रन गति बनाए रखी। भारत ने पावरप्ले में एक विकेट पर 67 रन बनाए और 10 ओवर में स्कोर 119 तक पहुंचा दिया। किशन के आउट होने के बाद शिवम दुबे को चौथे नंबर पर भेजा गया ताकि बाएं और दाएं हाथ के बल्लेबाजों का संतुलन बना रहे। दुबे ने भी 25 गेंदों में 43 रन की उपयोगी पारी खेली और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की ओर से जेकब बेथेल ने शानदार संघर्ष किया। उन्होंने 105 रन की शानदार पारी खेली और विल जैक्स (35) के साथ 77 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। हालांकि जैक्स के आउट होने के बाद बेथेल अकेले लड़ते रहे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके और इंग्लैंड सात रन से मुकाबला हार गया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है और अब उसकी नजर खिताब जीतने पर होगी।

Related Articles

Back to top button