Allक्रिकेट

T-20 World Cup : ऑस्ट्रेलिया को लगा तगड़ा झटका, कमिंस के बाद अब ये तेज गेंदबाज भी हुआ बाहर

Josh Hazelwood Ruled Out fo T-20 World Cup : टी20 विश्व कप से ठीक पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। स्टार तेज़ गेंदबाज़ जोश हेजलवुड हैमस्ट्रिंग चोट से समय पर उबर नहीं पाने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। पहले से ही फिटनेस समस्याओं से जूझ रही ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए हेजलवुड का बाहर होना भारी पड़ सकता है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने फिलहाल हेजलवुड के विकल्प की घोषणा नहीं करने का फैसला किया है। इससे पहले बोर्ड ने संकेत दिए थे कि हेजलवुड टूर्नामेंट के मध्य या अंतिम चरण में टीम से जुड़ सकते हैं, लेकिन ताजा मेडिकल रिपोर्ट्स ने उन उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

चयनकर्ता टोनी डोडेमेड ने स्पष्ट किया कि टीम प्रबंधन किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता। उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद थी कि जोश सुपर-8 चरण तक फिट हो जाएंगे, लेकिन मौजूदा संकेत बताते हैं कि उन्हें पूरी तरह फिट होने में और समय लगेगा। जल्दबाज़ी करना जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए फिलहाल किसी रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की जा रही है। जरूरत पड़ने पर आगे फैसला लिया जाएगा।

ग्रुप चरण के दौरान ऑस्ट्रेलिया को कुछ राहत भी मिल सकती है। नाथन हिल्स और टिम डेविड शुरुआती मुकाबलों के दौरान टीम से जुड़ने के लिए उपलब्ध रहेंगे, जबकि लेग स्पिनर एडम जम्पा पहला मैच खेलने के लिए तैयार हैं। ऑस्ट्रेलिया का नीदरलैंड्स के खिलाफ अभ्यास मैच रद्द हो गया, हालांकि टीम के पास 11 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ अपने पहले मुकाबले से पहले अभ्यास के लिए पर्याप्त समय रहेगा। टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के सभी शुरुआती मैच कोलंबो और पल्लेकल में खेले जाएंगे।

इससे पहले कप्तान पैट कमिंस भी कमर की चोट के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं, जिनकी जगह बेन ड्वारशुइस को टीम में शामिल किया गया था। वहीं मिचेल स्टार्क पहले ही टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाजी इकाई टूर्नामेंट से पहले कमजोर नजर आ रही है।

Related Articles

Back to top button