
Pak vs USA : टी20 विश्व कप के ग्रुप-ए मुकाबले में साहिबजादा फरहान की आक्रामक अर्धशतकीय पारी और स्पिन गेंदबाजों के सटीक प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने अमेरिका को 32 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने 2024 टी20 विश्व कप में अमेरिका से मिली हार का हिसाब भी चुकता कर लिया। पाकिस्तान को ये हार बहुत भारी पड़ी थी और वो पहले राउंड से बाहर हो गया था। पाकिस्तान इस जीत से चार अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गया है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने नौ विकेट पर 190 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। फरहान ने 41 गेंदों पर 73 रन की दमदार पारी खेली, जिसमें उनके कई जोरदार छक्के शामिल रहे। बाबर आजम (46, 32 गेंद) के साथ तीसरे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी ने टीम को मजबूत आधार दिया।
शुरुआती झटकों के बाद पाकिस्तान ने पावरप्ले में 56 रन बना लिए थे, लेकिन शैडली वैन शाल्कवाइक (4/25) ने दो त्वरित विकेट लेकर पाकिस्तान की रफ्तार रोकी। इसके बावजूद फरहान ने आक्रामक अंदाज जारी रखा और 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अंतिम ओवरों में शादाब खान ने 12 गेंदों में 30 रन जोड़कर स्कोर को 190 तक पहुंचाया।लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिका की शुरुआत अच्छी रही।
शयान जहांगीर (49) और एंड्रीस गॉस ने टीम को ठोस शुरुआत दिलाई, लेकिन जैसे ही पाकिस्तान के स्पिनरों को आक्रमण में लाया गया, मैच का रुख बदल गया। अबरार अहमद, मोहम्मद नवाज़, शादाब खान और उस्मान तारिक की चौकड़ी ने शानदार नियंत्रण दिखाते हुए अमेरिकी बल्लेबाज़ों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। स्पिनरों ने कुल सात विकेट झटके और अमेरिका को 158/8 पर रोक दिया।
शुभम रंजन ने 30 गेंदों में 51 रन की तेज पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन वह हार का अंतर ही कम कर सके। पाकिस्तान की यह जीत उसके संतुलित प्रदर्शन का प्रमाण रही, जिसमें बल्लेबाजों और स्पिनरों दोनों ने अहम भूमिका निभाई।





