
टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत पाकिस्तान ने रोमांचक जीत के साथ की, लेकिन यह मुकाबला आखिरी ओवरों तक पूरी तरह झूलता रहा। नीदरलैंड्स ने जबरदस्त संघर्ष दिखाते हुए पाकिस्तान को लगभग मुकाबले से बाहर कर दिया था, लेकिन अंत में फहीम अशरफ की सूझबूझ और किस्मत ने बाज़ी पलट दी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए नीदरलैंड्स की टीम 19.5 ओवर में 147 रन पर सिमट गई। जवाब में पाकिस्तान की शुरुआत तेज़ रही। साइम अयूब और साहिबजादा फरहान ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और स्कोर 98/2 तक पहुंचा दिया। इसके बाद अचानक पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई। एक ही ओवर में फरहान और उस्मान आउट हुए, जबकि अगले ओवर में बाबर आजम भी पवेलियन लौट गए।
शादाब खान और मोहम्मद नवाज़ ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वे भी लगातार गेंदों पर आउट हो गए। यहां से मुकाबला नीदरलैंड्स की पकड़ में आता दिख रहा था। गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और रन गति पर अंकुश लगाया। लेकिन 19वां ओवर मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। फहीम अशरफ ने लोगन वैन बिक की पहली गेंद को स्टैंड्स में भेज दिया। दूसरी गेंद पर लॉन्ग ऑन पर आसान कैच छूटा, जिससे फहीम को जीवनदान मिला। इसके बाद उन्होंने दो और छक्के और एक चौका जड़कर मुकाबला लगभग पाकिस्तान के पक्ष में खत्म कर दिया।
नीदरलैंड्स के लिए पॉल वैन मीकरन (2/20) और आर्यन दत्त (2 विकेट) ने शानदार गेंदबाजी की और टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचाया, लेकिन अंत में पाकिस्तान ने 19.3 ओवर में 7 विकेट पर 148 रन बनाकर तीन विकेट से जीत दर्ज की।नीदरलैंड्स ने आखिरी दम तक लड़ाई लड़ी, लेकिन अंक पाकिस्तान के खाते में गए। यह मुकाबला दर्शकों के लिए पूरी तरह थ्रिलर साबित हुआ।





