
ENG vs Nep: दो बार की चैंपियन इंग्लैंड ने टी20 विश्व कप के ग्रुप-सी मुकाबले में जुझारू नेपाल के खिलाफ बड़ा उलटफेर होते-होते बचते हुए चार रन से जीत दर्ज की। रविवार को खेले गए इस मुकाबले में नेपाल ने इतिहास रचने के बेहद करीब पहुंचकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया।
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 184 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में नेपाल ने छह विकेट पर 180 रन बनाए और आखिरी ओवर तक मुकाबले को जीवंत रखा। अंतिम ओवर में नेपाल को जीत के लिए 10 रन चाहिए थे, लेकिन इंग्लैंड के अनुभवी गेंदबाज सैम करन ने सटीक यॉर्कर डालते हुए सिर्फ पांच रन ही खर्च किए और अपनी टीम को राहत दिलाई।
नेपाल की ओर से लोकेश बाम ने 20 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाकर जीत की उम्मीदों को जिंदा रखा। कप्तान रोहित पौडेल और दिपेंद्र सिंह ऐरी ने 39-39 रन की अहम पारियां खेलीं, जबकि कुशल भुर्तेल ने तेज शुरुआत करते हुए 29 रन जोड़े। नेपाल को लक्ष्य के करीब ले जाने में इन बल्लेबाजों की भूमिका अहम रही, लेकिन टीम आखिरी बाधा पार नहीं कर सकी। भुर्तेल ने शुरुआती ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी से इंग्लैंड को दबाव में डाला। इसके बाद पौडेल और ऐरी के बीच तीसरे विकेट के लिए 82 रन की मजबूत साझेदारी हुई।
हालांकि, ड्रिंक्स ब्रेक के बाद नेपाल की लय टूटी और अहम विकेट गिरने से मैच का रुख बदल गया।इससे पहले इंग्लैंड के लिए जैकब बेथेल और कप्तान हैरी ब्रूक ने अर्धशतक जमाए। बेथेल ने अपने टी20 विश्व कप पदार्पण में 35 गेंदों पर 55 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि ब्रूक ने 53 रन बनाकर पारी को संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी हुई, जिसने इंग्लैंड को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद 17 हजार से अधिक दर्शकों में बड़ी संख्या नेपाल समर्थकों की थी, जिन्होंने हर डॉट बॉल और हर अच्छे प्रयास पर जोरदार उत्साह दिखाया। नेपाल के खिलाड़ियों ने भी अपने प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि वे बड़े मंच पर किसी से कम नहीं हैं।





