
दक्षिण अफ्रीका ने टी20 विश्व कप के सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज को नौ विकेट से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए। प्रोटियाज टीम ने लगातार छठी जीत दर्ज करते हुए अपने अपराजेय अभियान को कायम रखा और कैरेबियाई टीम की जीत की लय तोड़ दी।
पहले गेंदबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज की मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप को झकझोर दिया। कगिसो रबाडा (2/22) और लुंगी एनगिडी (3/30) की घातक गेंदबाजी के सामने वेस्टइंडीज 83/7 पर सिमटता दिख रहा था। हालांकि जेसन होल्डर (49) और रोमारियो शेफर्ड (नाबाद 52) ने आठवें विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी कर टीम को 20 ओवर में 176/8 तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने आक्रामक शुरुआत की। कप्तान एडन मार्करम (नाबाद 82), क्विंटन डी कॉक (47) और रयान रिकेलटन (नाबाद 45) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। पावरप्ले के छह ओवर में 69 रन बनाकर प्रोटियाज ने मैच की दिशा तय कर दी थी। डी कॉक ने 24 गेंदों में चार चौके और चार छक्के लगाए, जबकि मार्कराम ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया।
मार्करम और रिकेलटन के बीच नाबाद 82 रन की साझेदारी ने वेस्टइंडीज की उम्मीदें पूरी तरह खत्म कर दीं। मार्करम ने जेसन होल्डर की गेंद पर सीधा चौका लगाकर मैच समाप्त किया।इस हार से वेस्टइंडीज का नेट रन रेट 5.350 से गिरकर 1.791 रह गया, जिससे सेमीफाइनल की दौड़ और रोमांचक हो गई है।
दक्षिण अफ्रीका की जीत से मेजबान भारत की उम्मीदें भी मजबूत हुई हैं, क्योंकि अगर प्रोटियाज हारते तो समीकरण बदल सकते थे। अब दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में जगह लगभग पक्की कर चुका है, जबकि वेस्टइंडीज को अगले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन की जरूरत होगी।






