
IND vs Zim: अभिषेक शर्मा ने शानदार वापसी करते हुए तूफानी अर्धशतक जड़ा, हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने विस्फोटक पारियां खेलीं, जिससे भारत ने टी20 विश्व कप के सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल की दौड़ में खुद को बनाए रखा।
करो या मरो के इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 256 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टी20 विश्व कप इतिहास में भारत का सर्वोच्च स्कोर है और इस संस्करण का भी सबसे बड़ा स्कोर भी। इस जीत से ग्रुप-1 से दक्षिण अफ्रीका (4 अंक) सेमीफाइनल में पहुंच गया, जबकि भारत और वेस्टइंडीज दो-दो अंकों के साथ अंतिम मैच से पहले बराबरी पर हैं।
हालिया खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक शर्मा (30 गेंद में 55 रन) ने पेट की बीमारी से उबरने के बाद शानदार वापसी की। उन्होंने संजू सैमसन (24) के साथ पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े और फिर ईशान किशन (38) के साथ 72 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी।
पावरप्ले में भारत ने एक विकेट पर 80 रन बनाए। अभिषेक ने 26 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और ऑफ-स्पिन के खिलाफ आत्मविश्वास से खेलते नजर आए।मध्यक्रम ने भी आक्रामक तेवर दिखाए। हार्दिक पांड्या ने 23 गेंद में नाबाद 50 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 16 गेंद में 44* रन ठोक दिए। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 84 रन जोड़ते हुए अंतिम पांच ओवरों में 80 रन बटोरे।
चेन्नई की तेज पिच पर तिलक ने 275 के स्ट्राइक रेट से रन बनाकर अपनी पिछली आलोचनाओं का जवाब दिया।जवाब में जिम्बाब्वे 184/6 तक ही पहुंच सका। ब्रायन बेनेट ने 59 गेंद में नाबाद 97 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला।
अर्शदीप सिंह (3/24) ने अगुआई करते हुए भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए।भारत की यह जीत न केवल बड़े अंतर से आई, बल्कि टीम के आत्मविश्वास को भी नई ऊर्जा दे गई। अब सेमीफाइनल की राह आखिरी लीग मुकाबले के नतीजे पर निर्भर करेगी।






