T-20 World Cup: फिन एलेन का रिकॉर्ड शतक, दक्षिण अफ्रीका को रौंदकर न्यूजीलैंड फाइनल में
एलेन ने अपनी शानदार पारी में 10 चौके और आठ छक्के लगाए। यह टी20 विश्व कप इतिहास के सबसे तेज शतकों में से एक रहा। होली के दिन ईडन गार्डंस में दर्शकों को उनके बल्ले से शानदार आतिशबाजी देखने को मिली।

NZ vs SA Semifinal match: फिन एलेन (100) की 33 गेंदों में नाबाद शतकीय पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने टी20 विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेले गए इस मुकाबले में एलेन की विस्फोटक बल्लेबाजी ने मैच को एकतरफा बना दिया।
न्यूजीलैंड को जीत के लिए 170 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने सिर्फ 12.5 ओवर में हासिल कर लिया। एलेन ने अपनी शानदार पारी में 10 चौके और आठ छक्के लगाए। यह टी20 विश्व कप इतिहास के सबसे तेज शतकों में से एक रहा। होली के दिन ईडन गार्डंस में दर्शकों को उनके बल्ले से शानदार आतिशबाजी देखने को मिली।
एलेन का साथ टिम सीफर्ट ने भी बखूबी निभाया। सीफर्ट ने 33 गेंदों में 58 रन बनाते हुए पहले विकेट के लिए एलेन के साथ 117 रन की साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में ही दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया और शुरुआती छह ओवर में 84 रन बटोर लिए। एलेन ने मात्र 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद तेजी से रन बनाते हुए शतक तक पहुंच गए।
इससे पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनेर की अगुवाई में टीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट पर 169 रन तक सीमित कर दिया। ऑफ स्पिनर कोल मैकोंची ने एक ही ओवर में नौ रन देकर दो विकेट लेकर अफ्रीकी शीर्ष क्रम को झटका दिया। वहीं बाएं हाथ के स्पिनर रचिन रविंद्र ने चार ओवर में 29 रन देकर दो अहम विकेट हासिल किए।
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही और टीम ने 11वें ओवर तक 77 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मार्को यानसेन और ट्रिस्टन स्टब्स ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने छठे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी की। यानसेन ने 30 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के शामिल थे। हालांकि अंत के ओवरों में विकेट गिरने के कारण दक्षिण अफ्रीका 175 के पार नहीं पहुंच सका।
न्यूजीलैंड की इस जीत के साथ टीम 2021 के बाद दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंच गई है। अब सभी की नजरें दूसरे सेमीफाइनल पर टिकी हैं, जहां भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला होगा। अगर भारत यह मैच जीतता है, तो फाइनल पिछले साल की चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल का दोहराव बन सकता है।





