Sports Awards: मेजर ध्यानचंद खेल रत्न, अर्जुन और द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए खिलाड़ियाें के नाम पर कल होगी चर्चा

Sports Awards: खेल पुरस्काराें मेजर ध्यानचंद खेल रत्न, अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए खिलाड़ियों और कोचों के नामों पर बुधवार को मंथन हाेगा। खेल मंत्रालय ने चयन समिति का गठन किया है, जो बैठक में विभिन्न खेल विधाओं से प्राप्त नामांकनों पर विस्तार से चर्चा कर अपनी सिफारिशें प्रस्तुत करेगी।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, समिति की कमान सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस अरुण कुमार मिश्रा के हाथों में होगी। समिति में खेल जगत से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियों और विशेषज्ञों को शामिल किया गया है, ताकि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और पूरी तरह योग्यता आधारित हो सके। समिति के सदस्यों में पूर्व भारतीय महिला क्रिकेटर झूलन गोस्वामी, पूर्व हॉकी खिलाड़ी एम.एम. सोमैया, पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी अपर्णा पोपट, वरिष्ठ खेल पत्रकार हेमंत रस्तोगी, पैरा खेल विशेषज्ञ शरथ गायकवाड़ और पूर्व निशानेबाज व खेल प्रशासक गगन नारंग शामिल हैं।
इसके अलावा, द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित मुक्केबाजी कोच सी.ए. कुटप्पा भी चयन प्रक्रिया का हिस्सा होंगे। खेल प्रशासन की ओर से स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) में टॉप्स (TOPS) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, साई टीम के कार्यकारी निदेशक और खेल मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. शोभित जैन को भी समिति में शामिल किया गया है।
खेल रत्न देश का सर्वोच्च खेल सम्मान है, जबकि अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार क्रमशः खिलाड़ियों और कोचों की विशिष्ट उपलब्धियों को सम्मानित करते हैं। समिति की सिफारिशों के आधार पर चयनित नामों की जल्द आधिकारिक घोषणा की जाएगी।





