
Don Bradman Baggy Green Cap Go under Hammer: क्रिकेट इतिहास की सबसे दुर्लभ और कीमती धरोहरों में शामिल सर डोनाल्ड ब्रैडमैन की वह बैगी ग्रीन कैप, जिसे उन्होंने भारत के 1947-48 के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान पहना था, अगले महीने नीलामी में पेश की जाएगी। यह वही सीरीज थी जो एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में भारत का पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट दौरा मानी जाती है।
ब्रैडमैन ने यह ऐतिहासिक कैप उस समय भारतीय ऑलराउंडर श्रीरंगा वासुदेव सोहोनी को उपहार स्वरूप दी थी। तब से यह कैप 75 वर्षों से अधिक समय तक एक ही परिवार के पास सुरक्षित रही और इसे न तो कभी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया गया और न ही बिक्री के लिए रखा गया। ऑस्ट्रेलियन एसोसिएटेड प्रेस (एएपी) के अनुसार, यह कैप अब पहली बार खुले तौर पर नीलामी के लिए उपलब्ध होगी।
लॉयड्स ऑक्शंस के प्रतिनिधि ली हेम्स ने इसे “क्रिकेट इतिहास की एक असाधारण वस्तु” बताते हुए कहा कि यह कैप स्वयं ब्रैडमैन द्वारा व्यक्तिगत रूप से भेंट की गई थी, जिससे इसका ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व और बढ़ जाता है। ब्रैडमैन के दौर में टेस्ट क्रिकेटर हर श्रृंखला के लिए अलग-अलग कैप पहनते थे, जिससे यह कैप उस खास सीरीज की पहचान बन जाती है।
सर डोनाल्ड ब्रैडमैन को क्रिकेट इतिहास का महानतम बल्लेबाज माना जाता है। 1947-48 की भारत के खिलाफ सीरीज में उन्होंने छह पारियों में 178.75 के औसत से 715 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक और एक दोहरा शतक निकला था। ऑस्ट्रेलिया ने वह टेस्ट सीरीज 4-0 से जीती थी।
ब्रैडमैन युग की अधिकांश बैगी ग्रीन कैप आज संग्रहालयों या निजी कलेक्शन में सुरक्षित हैं। ऐसे में यह कैप न केवल क्रिकेट प्रेमियों के लिए बल्कि इतिहास संजोने वालों के लिए भी एक बेशकीमती धरोहर मानी जा रही है।






