
SCO vs ITA: टी20 विश्व कप में स्कॉटलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इटली को 73 रन से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद स्कॉटलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 207 रन बनाकर टूर्नामेंट में अपना सर्वाधिक स्कोर खड़ा किया। जवाब में इटली की टीम 16.4 ओवर में 134 रन पर सिमट गई।
स्कॉटलैंड की पारी की नींव जॉर्ज मुंसी ने रखी। उन्होंने किस्मत का साथ मिलने के साथ 54 गेंदों पर 84 रन की प्रभावशाली पारी खेली। उनके बाद ब्रैंडन मैकमुलन ने सिर्फ 18 गेंदों पर नाबाद 41 रन बनाकर तेजी से रन बटोरे। अंत में माइकल लिस्क ने मात्र 5 गेंदों में 22 नाबाद रन ठोककर टीम को 200 के पार पहुंचाया।
इटली की शुरुआत बेहद खराब रही और पहली ही गेंद पर जस्टिन मॉस्का लिस्क का शिकार बने। इसके बाद जे जे स्मट्स ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और कुछ बेहतरीन शॉट लगाए, लेकिन उनकी पारी करी की धीमी गेंद पर समाप्त हो गई। अगले ओवर में एंथनी मॉस्का के आउट होने से इटली पर संकट में आ गया। टीम 40 रन पर ही 3 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद बेनेडिक्ट और हैरी मानेनती भाइयों ने 73 रन की साझेदारी कर टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की। बेन मानेनती ने 29 गेंदों में अर्धशतक भी जड़ा, लेकिन उनका विकेट गिरते ही इटली की पारी बिखर गई।
माइकल लिस्क (4/17) ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और अपने अंतिम ओवर में दो विकेट लेते हुए टीम को जीत दिलाई। इटली, जो विश्व कप में पहली बार खेल रहा है, लक्ष्य से काफी दूर रह गया और स्कॉटलैंड ने बड़े अंतर से जीत हासिल की।






