Malaysia Open: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने शुक्रवार को मलेशिया ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली। क्वार्टरफाइनल मुकाबले में जापान की अकाने यामागुची चोट के कारण मैच बीच में छोड़ने पर मजबूर हो गईं।
सिंधू ने पहला गेम 21–11 से अपने नाम किया था, लेकिन इसके बाद तीन बार की विश्व चैंपियन और तीसरी वरीय यामागुची ने घुटने की समस्या के चलते रिटायर होने का फैसला किया। मैच के दौरान वह घुटने पर ब्रेस पहने हुए नजर आईं और पूरी तरह सहज नहीं दिख रही थीं।इस जीत के साथ ही विश्व रैंकिंग में 18वें स्थान पर काबिज सिंधू का यामागुची के खिलाफ आमने-सामने का रिकॉर्ड 15–12 हो गया है।
सिंधू चोट के कारण लंबे समय तक कोर्ट से दूर रही थीं और यह उनका वापसी के बाद पहला टूर्नामेंट है। ऐसे में सेमीफाइनल में पहुंचना उनके लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाला साबित हुआ है।अब अंतिम चार में उनका मुकाबला चीन की दूसरी वरीय वांग झीयी और इंडोनेशिया की छठी वरीय पुत्री कुसुमा वरदानी के बीच होने वाले क्वार्टरफाइनल मुकाबले की विजेता से होगा।






