Pink Ball Test: ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने भारत को 10 विकेट से रौंदा, एलिसा हीली को दी विजयी विदाई
ऑस्ट्रेलिया के लिए यह जीत खास इसलिए भी रही क्योंकि यह उनकी कप्तान एलिसा हीली के टेस्ट करियर का आखिरी मैच था। हीली ने अपने करियर का समापन एक शानदार जीत के साथ किया, वह भी उस भारतीय टीम के खिलाफ जिसके खिलाफ उन्होंने हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया है।

India W vs Australia W Test: महिला क्रिकेट के एकमात्र दिन-रात्रि (Pink Ball) टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने अपना दबदबा कायम रखते हुए भारत को 10 विकेट से आसानी से हरा दिया। तीसरे दिन खत्म हुए इस मुकाबले में मेजबान टीम ने सिर्फ 25 रन के लक्ष्य को बिना किसी विकेट गंवाए हासिल कर लिया और मैच पर पूरी तरह नियंत्रण दिखाया।
ऑस्ट्रेलिया के लिए यह जीत खास इसलिए भी रही क्योंकि यह उनकी कप्तान एलिसा हीली के टेस्ट करियर का आखिरी मैच था। हीली ने अपने करियर का समापन एक शानदार जीत के साथ किया, वह भी उस भारतीय टीम के खिलाफ जिसके खिलाफ उन्होंने हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया है।
भारत की दूसरी पारी जल्दी सिमटी। तीसरे दिन रविवार को भारत ने अपनी दूसरी पारी 6 विकेट पर 105 रन से आगे बढ़ाई, लेकिन पूरी टीम 48.2 ओवर में 149 रन पर सिमट गई। भारत के लिए प्रतिका रावल ने सबसे ज्यादा 63 रन (137 गेंद) बनाए और टीम को संभालने की कोशिश की।हालांकि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। एशले गार्डनर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दोनों नाबाद बल्लेबाजों को जल्दी आउट कर दिया। उन्होंने पहले स्नेह राणा (30) को बोल्ड किया और फिर प्रतिका रावल को भी पवेलियन भेज दिया।
प्रतिका ने ऑफ स्पिनर गार्डनर की गेंद को पुल करने की कोशिश की लेकिन गेंद हवा में चली गई और एनाबेल सदरलैंड ने शानदार कैच लेकर भारतीय पारी का अंत कर दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से लुसी हैमिल्टन सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 32 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। भारत को आउट करने के बाद ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए सिर्फ 25 रन चाहिए थे।
सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वॉल (नाबाद 16) फोबे लीचफील्ड (नाबाद 11) ने सिर्फ 4.3 ओवर में 28 रन बनाकर टीम को 10 विकेट से जीत दिला दी।पहली पारी में भी ऑस्ट्रेलिया का दबदबा | इससे पहले भारत ने पहली पारी में 198 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने एनाबेल सदरलैंड की शानदार 129 रन की पारी की मदद से 323 रन बनाए और पहली पारी में अहम बढ़त हासिल की।
मैच के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि टीम ने टी20 सीरीज जीतकर अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन वनडे और टेस्ट में वह उस प्रदर्शन को जारी नहीं रख सकी। उन्होंने माना कि पिंक बॉल टेस्ट एक अलग चुनौती साबित हुआ।वहीं ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली ने कहा कि टी20 सीरीज हारने के बाद टीम की वापसी शानदार रही और उन्हें अपनी टीम पर गर्व है। उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह टीम के लिए बेहद शानदार रहा।





